
— महिला शक्ति केंद्र बनाए जाएंगे:पुलिस कमिश्नर
वाराणसी,21 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी रविवार को मिशन शक्ति फेज-5 के विशेष अभियान का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से महिला सशक्तिकरण बाइक रैली निकाली गई। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस बाइक रैली में महिला सिपाहियों के साथ पीआरवी 112 की गाड़ियां भी शामिल हुई। रैली विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर जगतगंज, लहुराबीर चौराहा, चेतगंज, गोदौलिया, बांस फाटक, चौक, मैदागिन होते हुए कोतवाली स्थित डीसीपी जोन कार्यालय पर पहुंच कर समाप्त हुई। रैली में कुल 6 किलोमीटर की दूरी तय की गई।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मिशन शक्ति केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का एक सतत प्रयास है। उन्होंने बताया कि एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला हेल्प डेस्क और हेल्पलाइन 1090 को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला शक्ति केंद्र बनाए जाएंगे और इसके लिए अलग कमरा निर्धारित किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र में महिला दरोग़ा की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि शारदीय नवरात्र के दौरान महिला शक्ति केंद्र मंदिरों में भी सक्रिय रहेंगे और महिलाओं की समस्याओं का तुरंत निस्तारण किया जाएगा। रैली में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के अलावा जिले के सभी पुलिस अफसर मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
