Uttar Pradesh

सज धज के साथ निकली कर्ण घोड़े की शोभा यात्रा

कर्ण घोड़ा शोभायात्रा

प्रयागराज, 21 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । प्रयागराज में रविवार को शोभा यात्रा निकाली गई, कर्ण घोड़ा शोभा यात्रा एक पारम्परिक और धार्मिक आयोजन है जो दशहरा महोत्सव शुरुआत का प्रतीक है। यह परम्परा तब शुरू हुई जब लव कुश ने महर्षि वाल्मीकि के आश्रम मे ’भगवान श्री राम के अश्वमेध यज्ञ के अश्व को बांध लिया था। यह लव कुश के असीम शक्ति और पराक्रम का प्रतीक था।

उल्लेखनीय है कि, कर्ण घोड़ा को भगवान राम का दूत माना जाता है। इसका आयोजन पथरचट्टी रामलीला कमेटी द्वारा किया जाता है। इसे फूल, गजरे, सच्चे गोटे, रत्नों और लाइटिंग से सजाया जाता है।

प्रयाग व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी अकरम शगुन ने बताया कि शोभा यात्रा की शुरुआत हीवेट रोड स्थित राम मंदिर से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचती है। वहां पूजा अर्चना और आरती की जाती है। कर्ण घोड़ा शोभा यात्रा रामलीला शुरू होने और देखने के लिए एक आमंत्रण की तरह होता है। शोभा यात्रा कोठापार्चा, बहादुरगंज, लोकनाथ, ठठेरी बाजार, घंटाघर, जॉनसेन गंज होते हुए बादशाही मंडी पहुंचता है। कर्ण घोड़ा शोभा यात्रा में डीजे बैंड, ढोल ताशा पार्टी, डमरू वादक, शहनाई वादक, कलात्मक चौकियां अपने प्रदर्शन से भक्तों को भाव विभोर कर रहे थे।

शगुन ने बताया कि काशी से बुलाए गए डमरू वादक विशेष आकर्षण का केंद्र थे। कर्ण घोड़े पर फूल बरसाया जा रहा था, आरती की जा रही थी। शोभा यात्रा काफी लम्बी थी। डीजे पर बज रहे धुन पर ‘‘राम ना चले हनुमान के बिना, हनुमान ना चले राम के बिना’’ पर सभी भक्त भक्तिमय में थिरक रहे थे। सड़क के दोनों तरफ भक्तों की भारी भीड़ थी। भक्त गण जय श्री राम का जयकारे लगा कर हाथ जोड़कर कर्णघोड़े का स्वागत कर रहे थे।

चौक जॉनसेनगंज पर कर्ण घोड़े की आरती की गई। शोभा यात्रा में सांसद, मंत्री, महापौर, दर्जनों पार्षद व समाजसेवी शामिल हुए। चौक घंटा घर जॉनसेन गंज पर पदाधिकारीगण का स्वागत किया उनके ऊपर फूल बरसाए गए और माला पहनाया गया। स्वागतकर्ता में पंडित दिगंबर नाथ त्रिपाठी, अनूप केसरवानी, गौरी शंकर वर्मा, विजय चौरसिया, भरत कनौजिया, अकरम शगुन, महेंद्र कपूर, क्षेत्र के तमाम व्यापारी उपस्थित थे। कोतवाली, बहादुरगंज, बादशाही मंडी, शाहगंज की पुलिस पूरी मुस्तैदी से शोभा यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराया।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top