
रांची, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । रांची के पंडरा ओपी में बवाल और तोड़फोड़ करने वाले आठ उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार में लिए गए उपद्रवियों में छह पुरुष और दो महिला शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रांची के नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार उपद्रवियों चंदन कुमार, महेश साव, दिनेश राय, कुणाल यादव, कुंदन यादव, अनमोल जायसवाल, मीणा देवी और प्रिया कुमारी शामिल है।
एसपी के अनुसार 14 सितंबर को पंडरा में एक सड़क हादसे में गुमला जिले का रहने वाला एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में किया जा रहा था। गत शनिवार को घायल व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद मृतक के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में लोग सड़क पर आ गए और सड़क को जाम कर दिया।
उन्होंने बताया कि सड़क जाम के दौरान लोगों ने टायर जलाकर आवागमन बाधित करने का प्रयास किया। आक्रोशित लोग ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे, इसी दौरान कुछ लोग पंडरा ओपी में घुस गये और वहां रखे अभिलेख, टेबल, कुर्सी, अलमारी, सरकारी वाहन और थाने के दरवाजे को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। उपद्रवियों ने ओपी प्रभारी को जान से मारने के नीयत से हमला किया, जिसमें ओपी प्रभारी गंभीर रुप से घायल हो गये।
एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। इसके बाद लोगों पर काबू पाया जा सका। मामले में 30 नामजद और 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ पंडरा ओपी में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज छह पुरुष और दो महिला को गिरफ्तार किया है।—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
