Uttar Pradesh

यूपी के 16 महानगरों में आयाेजित हुई ‘नमो मैराथन‘

नमो मैराथन लखनऊ

लखनऊ,21 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा चला रही है। इसी के तहत रविवार को युवा मोर्चा की ओर से उत्तर प्रदेश के 16 महानगरों में ‘नमो मैराथन‘ का आयोजन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने बताया की मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा यूपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और वाराणसी में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का विश्वास है कि अगर महिलाएं स्वस्थ होंगी, तो युवा भी स्वस्थ होंगे। इसके तहत रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है। देशभर के युवा इसमें भाग ले रहे हैं। पीएम मोदी ने संकल्प लिया था कि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना हमारा लक्ष्य और मार्गदर्शक सिद्धांत होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्र में योगदान देने के लिए उत्सुक है। हमें अपने गांव और क्षेत्र के विकास के लिए काम करना चाहिए। आत्मनिर्भरता का आधार अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखना है। 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वास्थ्य जागरुकता को बढ़ावा देने की पहल की गई है।

सीएम ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में नमो युवा मैराथन के महत्व पर जोर दिया। साथ ही नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरों के प्रति आगाह किया।

भाजयुमो युवा मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी धनंजय शुक्ला ने बताया कि आज 16 महानगरों में युवा मैराथन सम्पन्न हुआ। न्यूनतम तीन से पांच किमी. तक लोग विकसित भारत के संदेश के साथ दौड़ में शामिल हुए। मैराथन का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और नशामुक्त भारत जैसे संकल्पों से जोड़ना है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आगरा, ब्रजेश पाठक बरेली तथा भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह मेरठ में आयोजित दौड़ में शामिल हुए।

नमो मैराथन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा मथुरा, राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा राज कुमार चाहर अलीगढ़, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह गोरखपुर, सुरेश खन्ना शाहजहांपुर, बेबी रानी मौर्य व भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता झांसी, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान फिरोजाबाद, मंत्री नितिन अग्रवाल व प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र सिंह अयोध्या, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर प्रयागराज, दयाशंकर सिंह सहारनपुर, राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी गाजियाबाद के साथ ही भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी मुरादाबाद महानगर में आयोजित इस मैराथन में शामिल हुए।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top