
वाराणसी,21 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कांग्रेस ने रविवार को वोट चोर गद्दी छोड़ो आंदोलन के क्रम में प्रतिरोध हस्ताक्षर अभियान चलाया। कैंट स्टेशन के चौराहे पर स्थित प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी के प्रतिमा के समक्ष अभियान में वृहद हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी राजेश तिवारी की मौजूदगी में किया गया।
इस दौरान राजेश तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार आज देश और प्रदेश में लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है। चुनाव में जनादेश को चुराकर सत्ता में बने रहना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। राष्ट्रीय सचिव ने आरोप लगाया कि जनता की आवाज़ दबाने के लिए विपक्षी नेताओं पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं, आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज कराया जा रहा है और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके हर विरोधी स्वर को कुचलने की कोशिश हो रही है। वाराणसी की धरती, जिसने हमेशा लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज़ उठाई है, आज फिर एक ऐतिहासिक आंदोलन की साक्षी बन रही है। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर इस ‘भ्रष्ट और जनविरोधी’ सरकार की ईंट से ईंट बजा देगी। यह हस्ताक्षर अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता का घोषणा–पत्र है कि अब भाजपा की तानाशाही और धोखेबाज़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अभियान जिले वार/विधानसभा वार/ब्लाक वार/वार्ड वार चलाया जाएगा। जिसमें प्रतिरोध सभाएं, हस्ताक्षर अभियान, मशाल जुलुश, पदयात्राएं, जागरूकता अभियान, डोर टू डोर जागरूकता आदि कार्यक्रम चलाकर जनता के समक्ष वोट चोरों का पोल खोला जाएगा।
अभियान में शामिल पार्टी के स्थानीय जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से कहा की आज का यह हस्ताक्षर अभियान इस बात का प्रतीक है कि अब लोग चुप नहीं बैठने वाले। यह जन आंदोलन आने वाले समय में सरकार की नींव हिला देगा। कांग्रेस पार्टी हर गांव, हर गली और हर घर तक जाएगी और जनता की आवाज़ बनेगी।
अभियान में प्रजानाथ शर्मा, अनिल श्रीवास्तव, भगवती चौधरी, पंकज सोनकर, फसाहत हुसैन, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, डॉ राजेश गुप्ता, वकील अंसारी, अरुण सोनी, विरेन्द्र कपूर, मनीष मोरोलिया, विनोद सिंह, राकेश चन्द्र शर्मा आदि ने भी भागीदारी की।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
