-18 साल बाद भजन परिवार को ‘जनहित’ का सहारा
-राेहतक से सियासी ताकत हासिल करने की कवायद में अभय चाैटाला
चंडीगढ़, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । लंबे समय तक हरियाणा की राजनीति में अपनी धाक जमाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल व ओम प्रकाश चाैटाला के परिवार
अब रैलियाें के सहारे में अपनी जमीन मजबूत करेंगे। इसकी शुरूआत साेमवार से हाे रही है। दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटे अब रैलियों का आयोजन करने जा रहे हैं। भजन पुत्र कुलदीप बिश्नोई पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान अपने गढ़ आदमपुर को गंवा चुके हैं। भजन परिवार की राजनीति शुरू से आदमपुर पर ही केंद्रित रही है। यहां से भजनलाल, जसमा देवी, कुलदीप बिश्नोई, रेणुका बिश्नोई तथा भव्य बिश्नोई विधायक रह चुके हैं। पिछले चुनाव में आदमपुर से हारने के बाद बिश्नोई परिवार भाजपा की राजनीति में हाशिए पर है।
अब अगले 6-7 महीने में हरियाणा में राज्यसभा चुनाव भी होना है, उससे पहले बिश्नोई परिवार दोबारा सक्रिय दिख रहा है। वर्तमान में बिश्नोई परिवार के पास सरकार या सत्ता में कोई बड़ी भूमिका नहीं है। कुलदीप के बेटे एवं पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई को अप्रैल 2024 में भाजपा युवा मोर्चा का प्रभारी बनाया गया था। इस कार्यक्रम का आयोजक भव्य को ही दिखाया गया है।
दूसरी तरफ इनेलो वर्ष 2005 से राजनीतिक रूप से हाशिए पर चल रही है। हरियाणा की राजनीतिक राजधानी रोहतक से प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं को राजनीतिक ताकत मिली है। जाटलैंड में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जाट समुदाय में लगातार कमजोर हो रही पकड़ का लाभ अभय चौटाला लेना चाहते हैं। 25 सितंबर को रोहतक में इनेलो द्वारा पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित की जा रही सम्मान दिवस रैली से पहले रोहतक, झज्जर, सोनीपत में जाति विशेष से जुड़ी कई संस्थाएं, कई बड़े संगठन अभय चौटाला का समर्थन कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री को लेकर वायरल हो रहे वीडियो अभय चौटाला को जाटलैंड में मजबूती दे रहे हैं। पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल, पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की तर्ज पर अब अभय चौटाला भी रोहतक से इनेलो को खड़ा करने की कवायद में लगे हुए हैं।
वर्ष 2005 में कांग्रेस हाईकमान द्वारा भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद भजन लाल ने 2007 में ‘हरियाणा जनहित कांग्रेस’ का गठन किया। जिसका बाद में कांग्रेस में विलय कर दिया गया। हालांकि पूर्व सीएम भजनलाल की जयंती (6 अक्टूबर) की बजाय उनके बेटे कुलदीप बिश्नोई के जन्मदिन 22 सितंबर का मौका चुना है। इस दिन हिसार के आदमपुर में भजनलाल की पुरानी आढ़त की दुकान के सामने ‘जनहित दिवस समारोह’ रखा गया है।
हरियाणा के इतिहास में रोहतक की धरती ने कई बड़े राजनीतिक समीकरणों को जन्म दिया है। तमाम पूर्वानुमानों के बावजूद हरियाणा में कांग्रेस की सरकार नहीं आने पर पूर्व मुख्यमंत्री के प्रति जाति विशेष के लोगों में गुस्सा है। अभय चौटाला को जाति विशेष के लोग विकल्प के रूप में देख रहे हैं। वर्तमान में हरियाणा विधानसभा में इनेलो के दो विधायक हैं। इससे पहले इनेलो का एक विधायक था। सत्ता से दूर होकर भी इनेलो राजनीतिक उपस्थिति दर्ज करवाती रही है। इस बार होने वाली रैली में शामिल होने वाले नेताओं पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
