
पौड़ी गढ़वाल, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी के वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा.विक्रम नेगी ने विश्वभर के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में जगह बनाई है।
वर्ष 2025 के लिए वैज्ञानिकों की वैश्विक सूची स्टैनफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी, कैलिफ़ोर्निया, अमेरिका ने जारी की है। बताते चले कि डॉ. विक्रम नेगी स्व. हयात सिंह नेगी और शशि नेगी के पुत्र हैं और उत्तराखंड के चमोली जिले के कौब गांव, नारायणबगड़ से हैं। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, चमोली से 12वीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है।
उन्होंने अपनी स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की शिक्षा एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। डॉ. विक्रम नेगी ने 2024 में एच.एन.बी. गढ़वाल विश्वविद्यालय में शामिल होने से पहले जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान में 20 वर्षों तक शोधकर्ता और वरिष्ठ वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया। डॉ. विक्रम नेगी हिमालयी क्षेत्र में जैव विविधता संरक्षण और प्रबंधन, पुनरुद्धार पारिस्थितिकी, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता निगरानी, औषधीय पौधों की खेती और संरक्षण, पर्यावरण एवं संरक्षण शिक्षा आदि क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। डॉ. नेगी ने 7 अनुसंधान और विकास परियोजनाओं का समन्वयन प्रधान अन्वेषक और सह-अन्वेषक के रूप में किया है।
उन्होंने हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र के सतत विकास के लिए राष्ट्रीय मिशन पर भी कार्य किया है। डा.विक्रम नेगी ने अपने परिजनों के साथ ही प्रो. आरके मैखुरी, स्व. डॉ. रणवीर रावल, डॉ. आईडी भट्ट के साथ ही एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के कुलपति, बीजीआर पौड़ी के परिसर निदेशक का सदैव अमूल्य मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करने पर आभार जताया है।
(Udaipur Kiran) / कर्ण सिंह
