
सोनीपत, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । खेल
विश्वविद्यालय, राई ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरी। विश्वविद्यालय से जुड़े
योगासन कोच विकास लाठर और पी.जी. डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग योगासन के छात्र रणबीर
सिंह ने छठी एनवाईएससी सीनियर एवं सीनियर-ए राष्ट्रीय योगासन चैम्पियनशिप, जो 11 से
14 सितम्बर तक भिलाई छत्तीसगढ़ में हुई, में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीते।
इस प्रतियोगिता
में हरियाणा की टीम ने कुल 17 पदक, चार स्वर्ण, सात रजत और छह कांस्य हासिल कर उपविजेता
स्थान प्राप्त किया, जबकि महाराष्ट्र की टीम ओवरऑल विजेता बनी। हरियाणा की उपलब्धि
में राई विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का भी अहम योगदान रहा। विकास लाठर ने स्पाइन व्यक्तिगत
और पारंपरिक समूह स्पर्धा में दो रजत पदक जीते, वहीं रणबीर सिंह ने पारंपरिक समूह स्पर्धा
में रजत पदक हासिल किया।
रविवार
को कुलपति अशोक कुमार ने इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय
के लिए गर्व का क्षण है। हमारे विद्यार्थी ही नहीं, प्रशिक्षक भी राष्ट्रीय स्तर पर
अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। यह उपलब्धि उत्कृष्ट शिक्षा और प्रशिक्षण का परिणाम
है। अपनी उपलब्धि पर विकास लाठर ने इसे कुलपति, शिक्षकों और कोचिंग स्टाफ को समर्पित
किया। उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य है। विश्वविद्यालय
परिवार ने सभी विजेताओं को बधाई दी और विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी छात्र
और कोच राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
