
सिवनी, 20 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के सिवनी जिले की अभिनव परियोजना मिशन जीवन पर्यंत को शनिवार को प्रतिष्ठित स्कॉच अवॉर्ड 2025 से नवाजा गया है। यह पहल महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में जिले का अनूठा प्रयास है। परियोजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को अटल पेंशन योजना से जोड़ा गया है। इस कदम से महिलाओं को जीवनभर आर्थिक लाभ और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
स्कॉच अवॉर्ड देश का एक प्रतिष्ठित सम्मान है, जो सरकारी योजनाओं, नवाचारों और उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है। विभिन्न राज्यों और जिलों की ऐसी परियोजनाएँ, जिनका प्रभाव समाज पर सकारात्मक रूप से पड़ता है, इस सम्मान के लिए चयनित की जाती हैं। पुरस्कार मिलने पर सिवनी कलेक्टर संस्कृति जैन ने कहा कि यह उपलब्धि जिले की पूरी टीम की मेहनत और जनता के सहयोग का परिणाम है। मिशन जीवन पर्यंत ने महिलाओं के जीवन में दीर्घकालिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य किया है। यह उपलब्धि सिवनी जिले को नवाचार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाती है।
(Udaipur Kiran) / रवि सनोदिया
