Jharkhand

झारखंड चेंबर का चुनाव 21 को, सहयोग के लिए अध्यक्ष गट्टानी ने जताया आभार

चेंबर की आमसभा की तस्‍वीर

रांची, 20 सितंबर (Udaipur Kiran News) । फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का चुनाव रविवार को होगा। चुनाव के लिए मतदान राजधानी रांची डंगराटोली चौक स्थित स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतदान के बाद मतों की गिनती और परिणाम की घोषणा की जायेगी।

वहीं चुनाव के पूर्व चेंबर की 61वीं वार्षिक आमसभा अध्यक्ष परेश गट्टानी की अध्यक्षता में चेंबर भवन में सैकडों सदस्यों की उपस्थिति में शनिवार को संपन्न हुई।

आमसभा में देवघर, जामताडा, गिरिडीह, रामगढ, पाकुड, साहेबगंज, बोकारो, गुमला, महगामा, मंझियांव, गोड्डा चेंबर ऑफ कॉमर्स, सम्बद्ध संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ-साथ जिले के व्यवसायी-उद्यमी और प्रोफेशनल्स शामिल हुए।

इस अवसर पर महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने चेंबर के इस सत्र की वार्षिक गतिविधियों को सभा के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

संगठनात्मक एकजुटता और विश्वास की कहानी रही उनका कार्यकाल

कार्यक्रम में चेंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए प्रदेश के व्यापार और उद्योग जगत के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल केवल उपलब्धियों का नहीं, बल्कि संगठनात्मक एकजुटता, आत्मविश्वास और विश्वास की कहानी है। इस वर्ष हमने केवल समस्याओं का समाधान ही नहीं खोजा, बल्कि नई संभावनाओं के द्वार खोले। हमने जिलों और प्रखंडों का दौरा कर वहां के व्यापारियों की आवाज़ सुनी और उनके समाधान की पहल की। पटना और इंदौर के चैंबर्स से जुड़कर पूर्वी भारत में हमारी ताकत को नई ऊंचाई दी। वियतनाम की अंतर्राष्ट्रीय यात्रा ने यह संदेश दिया कि झारखंड अब स्थानीय से वैश्विक बनने की राह पर है।

उन्होंने कहा कि पीसीसी की बैठकों के माध्यम से विभिन्न इंडस्ट्रियल एरियाज में कुल 236 नए प्रोजेक्ट्स की स्वीकृति, रांची बैडमिंटन लीग, इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर, आम चुनाव में मतदाता जागरूकता अभियान बताते हैं कि चेंबर केवल व्यापार नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और जनसरोकार को भी महत्व देता है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं आनेवाली कार्यकारिणी समिति इन अधूरे सपनों को पूरा करे और नई ऊंचाइयों को छुए।

सभा में उपस्थित सदस्यों ने चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी के अध्यक्षीय कार्यकाल की प्रशंसा की।

मौके पर चुनाव पदाधिकारी बिकास सिंह और पवन शर्मा ने चुनावी प्रक्रियाओं से अवगत कराते हुए सभी सदस्यों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने में अपेक्षित सहयोग की अपील की। बताया कि सभी छह प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के निर्विरोध चयन की भी घोषणा की जिनमें विजय आनंद मूंका (कोल्हान), अमरजीत सिंह सलूजा (कोयलांचल), विनय कुमार अग्रवाल (नार्थ छोटानागपुर), उदय शंकर दुबे (पलामू), संजय अग्रवाल (संथाल परगना), रमेश कुमार (साउथ छोटानागपुर) शामिल हैं। चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में चुनाव समिति द्वारा ऐसे प्रत्याशियों को शो कॉज नोटिस जारी करते हुए प्रत्येक प्रत्याशी पर 2000 रुपये जुर्माना लगाए जाने के मामले में भी चर्चा हुई जिसे आमसभा और पूर्व अध्यक्षों की सलाह पर चुनाव समिति की ओर से प्रत्याशियों को सख्त हिदायत देते हुए जुर्माना को माफ किया गया।

आमसभा में बतौर मुख्य अतिथि रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने चेंबर अध्यक्ष के कार्यकाल की प्रशंसा की और उद्योग व्यापार जगत के सभी मुद्दों पर वर्षभर चेंबर को सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने जीएसटी के स्लैब में कमी के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए इसे उपभोक्ता और व्यापारियों के लिए हितकर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और वित्त मंत्रालय का यह निर्णय व्यापारियों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं सभी के लिए लाभकारी होगा। यह सुधार भारत की अर्थव्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और गतिशील बनाएगा। साथ ही उन्होंने रांची में तीन दिवसीय डिफेन्स एक्सपो के आयोजन को अभूतपूर्व बताते हुए इसमें अधिकाधिक लोगों को शामिल होने की अपील की।

आमसभा में चेंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, उपाध्यक्ष राहुल साबू, ज्योति कुमारी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, अमित साहू, नितिन प्रकाश, रमेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी, महेश पोद्दार सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Most Popular

To Top