
दुमका, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । दहेज में ट्रैक्टर नहीं मिलने से नाराज दामाद ने ससुर को पीट-पीटकर मार डाला। घटना जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में उस वक्त घटी जब गोविंदपुर गांव निवासी रविन्द्र कापड़ी अपनी बेटी से मिलने उसी गांव स्थित अपनी बेटी दामाद के घर गया था।
इसी दौरान विवाद होने पर दामाद सुधीर यादव (23) ने ससुर की बेरहमी से लाठी डंडे, पत्थर से पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने एंबुलेंस से घायल ससुर को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देवघर रेफर कर दिया गया। देवघर सदर अस्पताल में ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के विषय में मिली जानकारी के अनुसार रविंद्र के पास अपना खुद का तीन ट्रैक्टर है। सुधीर अपने ससुर से एक ट्रैक्टर की मांग कर रहा था। जबकि रविन्द्र दामाद को ट्रैक्टर देने से मना कर दिया था। इस बात को लेकर अक्सर उनलोगों का विवाद होता रहता था। एक दिन पूर्व रविन्द्र को पता चला कि उसकी बेटी को एपेंडिक्स की बीमारी हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर वह अपनी बेटी से मिलने गया था। बेटी से मिलने के बाद रविन्द्र अपनी बेटी को बेहतर ईलाज के लिए घर ले जाना चाहता था। लेकिन दामाद ने ज़िद पकड़ लिया कि अगर ट्रैक्टर नहीं मिला तो वो अपनी पत्नी को ले जाने नहीं देगा। इसी विवाद में उसने अपने ससुर पर जान लेवा हमला कर दिया। हत्यारे दामाद ने एक वर्ष पूर्व ही गांव के ही सोनम से प्रेम विवाह किया था। सोनम अपने माता पिता की इकलौती बेटी है। गांव में दोनों का घर एक ही मोहल्ले में घर है। प्रेम विवाह के बाद सुधीर अपने ससुर की संपत्ति पर नजर बनाए बैठा था। वह अक्सर ससुर से ट्रैक्टर, जमीन की मांग करते रहता था, जबकि दामाद की गरीबी का ताना देते हुए रविन्द्र अपने दामाद को घर जमाई बनने पर ही उसे कुछ देने की बात कह रहा था।
सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने शनिवार को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही घायल अवस्था में मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। मृतक की पत्नी ने देवघर पुलिस को फर्द बयान दिया है। उसी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपी दामाद को हिरासत में ले लिया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार
