
-राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की ली जानकारी
-उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया जाए
देहरादून, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) शनिवार को विगत दिनों देहरादून जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय स्थलीय निरीक्षण कर राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दाैरान राज्यपाल ने कहा कि इस तरह की प्राकृतिक आपदाएं समय-समय पर आती रहती हैं, लेकिन हमें हर स्थिति से सीख लेकर भविष्य के लिए और बेहतर तैयारी करनी चाहिए। आपदा प्रबंधन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाए ताकि उनकी मेहनत और सेवा भावना को प्रोत्साहन मिले।
राज्यपाल ने आज सबसे पहले कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों से आपदा की विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी सविन बंसल ने राज्यपाल को बताया कि जैसे ही आपदा की सूचना मिली, प्रशासन की ओर से तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर खोज एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्र सहित अन्य प्रभावित जगहों पर किए जा रहे राहत कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस दाैरान राज्यपाल ने जिलाधिकारी और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन ने बहुत कम समय में दूरस्थ इलाकों में प्रभावित लोगों तक पहुंचकर उनकी मदद की।
राज्यपाल ने इसके बाद नन्दा की चौकी में क्षतिग्रस्त पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वहां जाकर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और बन रहे वैकल्पिक मार्ग के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि तीन से चार दिनों में वैकल्पिक मार्ग तैयार कर लिया जाएगा,जबकि पुल के पूर्ण पुनर्निर्माण में कुछ समय लगेगा। आवागमन को शीघ्र सुचारू किया जाए ताकि लोगों को असुविधा न हो। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी राज्यपाल से भेंट की और उन्हें अपनी परेशानियों से अवगत कराया।
इसके उपरांत राज्यपाल ने आपदा से प्रभावित टपकेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। वहां पुजारियों और स्थानीय लोगों से आपदा से हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए कठिन चुनौती का समय है लेकिन शासन,प्रशासन के प्रयासों से जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएंगी।
राज्यपाल ने इस दौरान टपकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, के.के मिश्रा, एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
