
कानपुर, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । जयपुरिया क्रॉसिंग पर सुबह–शाम जाम की स्थिति सबसे अधिक गंभीर रहती थी। रेलवे फाटक बंद होने पर जाजमऊ और फूलबाग से आने–जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं। स्कूली बच्चों का समय भी बर्बाद होता था। अब ओवरब्रिज बनने से यह पूरा इलाका जाम की समस्या से मुक्त होगा। इसके लिए शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए। ताकि जनता को शीघ्र ही इस पुल का लाभ मिल सके। पीएम मोदी के नेतृत्व में कानपुर नगर सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। यह बातें शनिवार को सांसद रमेश अवस्थी ने कही।
सांसद रमेश अवस्थी ने कैंट क्षेत्र स्थित नव निर्मित जयपुरिया ओवरब्रिज का स्थलीय का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने सेतु निर्माण निगम के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
सेतु निर्माण निगम के अधिशाषी अभियंता सुमन ने सांसद को बताया कि पुल के अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं। तथा शेष बचे कार्यों को आने वाले 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि यह सेतु आगामी दीपावली से पूर्व आम जनमानस के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
जयपुरिया ओवरब्रिज का निर्माण इसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
इस निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के अधिकारियों के साथ भारतीय जनता पार्टी कैंट मंडल अध्यक्ष सुमित तिवारी भी मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप
