
नैनीताल, 20 सितंबर (Udaipur Kiran News) । कुमाऊँ विश्वविद्यालय के प्रो. नंद गोपाल साहू ने वैश्विक स्तर पर अपनी उत्कृष्ट शोध उपलब्धियों से विश्वविद्यालय और प्रदेश का मान बढ़ाया है। रसायन विभाग के प्राध्यापक प्रो. साहू स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की वर्ष 2024 की “विश्व के शीर्ष 2 फीसद वैज्ञानिक सूची-2024” में लगातार छठे वर्ष “विश्व बरकरार रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह सूची सिंगल-ईयर (2024) और करियर-लॉन्ग-दो प्रकार की रैंकिंग प्रदान करती है। वर्ष 2024 में प्रो. साहू की रैंकिंग सिंगल-ईयर रैंक पॉलीमर विज्ञान में 632 तथा नैनोसाइंस और नैनोटेक्नोलॉजी में 761 रही है, जबकि करियर-लॉन्ग रैंक पॉलीमर विज्ञान में 2090 और नैनोसाइंस और नैनोटेक्नोलॉजी में 1891 रही है। उनके शोध कार्यों का प्रकाशन कई उच्च प्रभाव वाले अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में हुआ है।
उल्लेखनीय है कि प्रो. साहू के अनुसंधान ऊर्जा भंडारण प्रणालियों, पर्यावरण अनुकूल रसायन प्रक्रियाओं और उन्नत नैनो व पॉलीमर सामग्री के विकास पर केंद्रित हैं। उनके शोध ने समाज को ऊर्जा-कुशल उपकरण और पर्यावरणीय दृष्टि से टिकाऊ वैज्ञानिक समाधान उपलब्ध कराए हैं।
उल्लेखनीय है कि इसी सूची में कुमाऊँ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. एसएस बर्गली भी शामिल हुए हैं। वे सिंगल-ईयर श्रेणी में इकोलॉजी विषय में 1481वें स्थान और वैश्विक स्तर पर 100890वीं स्थिति प्राप्त करने में सफल रहे हैं। वहीं, डीएसबी परिसर के पूर्व छात्र और वर्तमान में एनडीए पुणे में प्रोफेसर डॉ. नीरज पंत भी 2 फीसद विश्व वैज्ञानिकों की सूची में स्थान बनाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने भौतिकी और खगोलशास्त्र श्रेणी में 3382वां स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान रावत, कुलसचिव, विज्ञान संकाय के अध्यक्ष, रसायन विभाग के अध्यक्ष, कुमाऊँ विश्वविद्यालय शिक्षक संघ और उत्तराखंड विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने प्रो. साहू, प्रो. बर्गली और डॉ. पंत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं और इसे न केवल संस्था बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि बताया है।
(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
