शिमला, 20 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए हिमाचल प्रदेश के वीर सपूत लांस दफेदार बलदेव चन्द की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
बलदेव चन्द 4 राष्ट्रीय राइफल्स (बिहार रेजिमेंट) में कार्यरत थे और जम्मू-कश्मीर में देश की रक्षा करते हुए आतंकवादियों से मुकाबले में वीरगति को प्राप्त हुए। वे जिला बिलासपुर के झंडूता तहसील के गंगलोह गांव के निवासी थे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि, बलदेव चन्द ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनका यह बलिदान न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उनकी वीरता और देशभक्ति को सदैव स्मरण रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी बलदेव चन्द की शहादत को नमन करते हुए कहा कि, उन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है, उनका यह शौर्य और बलिदान प्रदेशवासियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से प्रार्थना की कि बलदेव चन्द की आत्मा को शांति मिले तथा परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्राप्त हो।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
