Haryana

भारत का ग्रोथ इंजन है हरियाणा : नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भाजपा की बैठक का उदघाटन करते हुए

-रोजगार देने वाला युवा बल तैयार करना है लक्ष्य

-11 वर्षों में सात लाख 66 हजार एमएसएमई की हुई स्थापना

चंडीगढ़, 20 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प से ही भारत विकसित राष्ट्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा संकल्प है जो हमें आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार को पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। नायब सैनी ने कहा कि आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। गत 11 वर्षों में प्रदेश में 7 लाख 66 हजार सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग लगे हैं तथा इनमें 39 लाख लोगों को रोजगार मिला है। हमने ’हरियाणा राज्य स्टार्टअप नीति-2022’ लागू की है। प्रदेश में 19 यूनिकॉर्न कंपनियां हैं। इनके अलावा, 250 से अधिक फॉर्च्यून -500 कंपनियां भी यहां हैं।

कार्यशाला में बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 25 सितंबर से लेकर 25 दिसंबर तक आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान चलेगा। इस अभियान की चर्चा हर गली और घर-घर तक पहुंचनी चाहिए। सैनी ने कहा कि यह एक ऐसा विजन है जहां हर नागरिक सशक्त हो, जहां हर युवा को रोजगार मिले और हमारी अर्थव्यवस्था विश्व के सामने अपने कदम मजबूती से आगे बढ़ा सके। सीएम ने कहा कि मेक इन इंडिया, लोकल फॉर वोकल, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी पहल देश को नई उंचाईयों पर लेकर जा रही है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में व्यापार करने में आसानी के लिए 48 विभागों के 1100 से अधिक गैर जरूरी नियमों को समाप्त किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला को राष्ट्रीय सचिव अल्का गुर्जर, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के अलावा संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी संबोधित किया।

कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री एवं मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया सहित सांसद, विधायक, मंत्री, जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी तथा आत्म निर्भर भारत संकल्प की टीम मौजूद रही।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top