
कानपुर, 20 सितम्बर (Udaipur Kiran) । केंद्र और राज्य सरकार नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण—इन ‘शक्ति के पंच प्रवाह’ पर विशेष जोर दे रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला साइबर सेल, एंटी रोमियो स्क्वॉड, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी पहलें महिलाओं को सशक्त बनाने में प्रभावी भूमिका निभा रही हैं। यह बातें शनिवार को सांसद रमेश अवस्थी ने कही।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन में मिशन शक्ति 5.0 का शुभारम्भ किया। जिसका सजीव प्रसारण मंडलायुक्त शिविर कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में देखा गया। जिसमें सांसद रमेश अवस्थी, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सरोज कुरील, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक राहुल बच्चा, एडीजी आलोक सिंह, आईजी हरिश्चंद्र, पुलिस कमिश्नर आखिल कुमार, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, नगर आयुक्त सुधीर कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी और मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय काला उपस्थित रहे। नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को समर्पित मिशन शक्ति 5.0 आगामी 24 दिसम्बर तक चलेगा। इस अवधि में महिला सशक्तिकरण और जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
प्रसारण के उपरांत, जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के पुनर्वास तथा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान पर अधिवक्ता एवं समाजसेवी दिशा अरोड़ा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। दिशा अरोड़ा प्रो-बोनो विधिक सहायता को व्यावहारिक पुनर्वास और रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने की पहल कर रही हैं। उनके प्रयास से जिला कारागार की महिला बंदियों, बालिका गृह की बालिकाओं और पॉक्सो पीड़िताओं को निःशुल्क कानूनी सहायता के साथ आजीविका से जुड़ने के अवसर मिल रहे हैं।
कानपुर देहात सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक बदलाव का अभियान है। जब महिलाएं आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनेंगी तभी परिवार और समाज मजबूत होगा। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों स्तर पर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं।
महापौर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार के प्रयासों से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि मिशन शक्ति जैसी पहलें हमारी बेटियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं। विधायक सरोज कुरील ने कहा कि मिशन शक्ति से बेटियों को सुरक्षित परिवेश मिलेगा और वे सशक्त होंगी।
महिलाओं की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए शासन द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन नंबर संचालित किए जा रहे हैं। इनमें वीमेन हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा 102 तथा आपातकालीन पुलिस सहायता डायल 112 प्रमुख हैं। इन सेवाओं के माध्यम से महिलाओं को समय पर सहयोग और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप
