उत्तर दिनाजपुर, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । एक लापता महिला का शव शनिवार को एक चाय बागान में हाथ-पैर बंधा हुआ मिला है। घटना चोपड़ा थाना क्षेत्र के लोचुगछ इलाके की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई है। मृतका का नाम कल्पना टोप्पो (40) है। वह स्थानीय मुनियागछ इलाके में स्थित श्रमिक क्वार्टर में रहती थी। वह शुक्रवार रात बाज़ार जाने के लिए घर से निकली थी। उसके बाद से गायब थी। मृतका के बड़े बेटे आकाश ने मां की कई जगहों पर तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। सूत्रों के अनुसार, आज चाय श्रमिकों ने बागान में कल्पना का हाथ-पैर बंधा शव देखा। यह दृश्य देखकर श्रमिक स्तब्ध रह गए। घटना की सुचना पर चोपड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस घटना में महिला की भगनी दामाद को हिरासत में लिया है। स्थानीय श्रमिकों ने बताया कि कल्पना के साथ पहले बलात्कार किया गया फिर उसकी हत्या की गई है। चोपड़ा थाने की पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार
