Uttar Pradesh

विपक्ष के झूठ-फरेब को त्रिशक्ति फार्मूले से ध्वस्त करें भाजपा कार्यकर्ता: धर्मपाल सिंह

भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते धर्मपाल सिंह

लखनऊ, 19 सितम्बर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि त्रिशक्ति फार्मूला यानी सशक्त शक्ति केन्द्र, मजबूत बूथ और प्रभावी मंडल भाजपा की निश्चित विजय का आधार बनेगें। उन्होंने कहा कि विपक्ष के झूठ-फरेब को भाजपा कार्यकर्ता इसी त्रिशक्ति फार्मूले से ध्वस्त करें।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से प्रारम्भ हुए सेवा पखवाड़े के तहत सभी कार्यक्रमों को प्रभावी रूप संपन्न करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव, स्नातक/शिक्षक एमएलसी चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए शक्ति केन्द्र की मजबूत संरचना तैयार करना है।

धर्मपाल सिंह इटावा तथा औरैया में शक्ति केन्द्र संयोजक, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं जिला पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। पार्टी के पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि, पूर्व जिलाध्यक्ष, अभियान के संयोजक तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक में चर्चा की।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास विकास का विजन नहीं है, कोई नीति नहीं है और नीयत में खोट है। सैफई परिवार और नेहरू गांधी परिवार की राजनैतिक विरासत वापस पाने के लिए सपा व कांग्रेस में छटपटाहट है। विपक्षी दल झूठ और अफवाहें फैलाकर लगातार देश में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता को एक-एक घर तक पहुंचकर विपक्ष के हर षडयंत्र को ध्वस्त करना है। इसके लिए निष्ठावान, परिश्रमी, ऊर्जावान तथा अनुशासित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर मंडल, शक्ति केन्द्र तथा बूथ की संरचना को मजबूत करते हुए अभेद्य बनाना है। भाजपा के अनुशासित व परिश्रमी कार्यकर्ताओं के बल पर ही भाजपा का विजय परचम पूरे देश में फहरा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक पूर्व पदाधिकारी को संगठन के कार्यक्रमों व अभियानों से जोड़ना है तथा संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की संगठनात्मक कार्यों में भूमिका सुनिश्चित करते हुए कार्ययोजना तैयार करना है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से प्रारम्भ हो चुके सेवा पखवाड़ा के तहत रक्तदान, स्वच्छता और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, नमो मैराथन सहित सभी सेवा कार्यों के माध्यम से आमजन को जोड़कर लोकमंगलकारी कार्यों में सभी को सहभागिता सुनिश्चित करना है।

धर्मपाल सिंह ने अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया। भाजपा सरकार बाबा साहेब के बताए हुए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वच्छता कर्मियों के पैर धुलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व को संदेश दिया कि भारतीय संस्कृति में कोई भी व्यक्ति और कोई भी कार्य छोटा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों में सदैव अनुसूचित वर्ग के संवैधानिक अधिकारो को मजबूती मिली है। भाजपा कार्यकर्ताओं को तथ्यों के साथ सत्य को लेकर जनता के बीच बार-बार पहुंचकर चर्चा करने का स्वभाव विकसित करना है और विपक्ष के झूठ और फरेब का सफाया करना है। इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम शंकर कठेरिया और कमलावती सिंह भी उपस्थित रहीं।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top