


अजमेर, 19 सितम्बर (Udaipur Kiran) । अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उत्तर ब्लॉक ए एवं बी की ओर से शुक्रवार को गंज स्थित जनकपुरी में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान का शुभारम्भ किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के हस्ताक्षर अभियान समन्वयक रणजीत चंदेलिया और पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने अभियान बैनर पर हस्ताक्षर कर इसकी शुरुआत की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, अजमेर डेयरी चेयरमैन एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी, अजमेर उत्तर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे महेंद्र सिंह रलावता तथा अजमेर दक्षिण से प्रत्याशी रही नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष द्रोपदी कोली सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि देशभर में भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट चोरी कर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। उनका आरोप था कि जहां कांग्रेस चुनाव जीतती है, वहां वोटों की चोरी अधिक होती है। कर्नाटक और महाराष्ट्र चुनाव इसका उदाहरण हैं। विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले को उजागर कर चुके हैं, लेकिन न तो चुनाव आयोग कार्रवाई कर रहा है और न ही केंद्र सरकार कोई कदम उठा रही है।
पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि अजमेर उत्तर और दक्षिण विधानसभा सीटों पर कांग्रेस बहुत कम वोटों से हारी है, इसलिए इन चुनावों की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर आमजन को वोट चोरी के खिलाफ जागरूक करें और चुनावों में सतर्क रहें।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भी शिरकत की और वोट चोरी रोकने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्तिक नगर निवासी भाजपा कार्यकर्ता प्रकाश आलवानी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि हाल ही में स्वास्तिक नगर में आई बाढ़ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोजन, राशन, कपड़े और अन्य राहत सामग्री पहुंचाकर सेवा कार्य किए, जबकि भाजपा केवल दिखावा करती रही। इससे प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन करने का निर्णय लिया।
—————
(Udaipur Kiran) / संतोष
