जलपाईगुड़ी, 19 सितंबर (Udaipur Kiran) । जलपाईगुड़ी शहर के करला नदी में शुक्रवार को एक धोबी बह गया। लापता व्यक्ति का नाम कृष्ण रजक (42) है। वह शहर के एक नंबर वार्ड के निवासी है। घटना सुबह लगभग साढ़े सात बजे की है।
जानकारी के अनुसार, कृष्ण रजक रोज़ की तरह कपड़े धोने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। नदी किनारे गमले में रखे कपड़े किसी तरह बहने लगे। गमला बचाने के लिए वह नदी में उतरे। लेकिन कृष्ण को तैरना नहीं आता था और इस समय करला नदी उफान पर है। तेज़ बहाव में उतरते ही वह बहने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने कई बार बचाओ-बचाओ की आवाज़ लगाई, लेकिन लोग उन्हें बचा पाते उससे पहले ही वह नदी के तेज़ पानी में बह गए।
स्थानीय लोगों का दावा है कि कृष्ण को समाजपाड़ा इलाके की ओर बहते हुए देखा गया। फिलहाल, सिविल डिफेंस की टीम नदी में उनकी तलाश कर रही है।
दरअसल करला नदी जलपाईगुड़ी शहर से होकर बहती है और आगे चलकर तीस्ता नदी में मिलती है। तीस्ता में जलस्तर बढ़ने पर करला नदी भी उफान पर आ जाती है। यही कारण है कि फिलहाल करला नदी उफान पर है।
लापता युवक की भाभी रेखा रजक ने बताया—ग्राहकों के कपड़े धोने के लिए गमले में नदी किनारे रखे थे। सुबह जब कृष्ण देखने गए तो गमला नदी में बह रहा था। उसे निकालने के लिए ही नदी में उतरे और हादसा हो गया। घटना को तीन घंटे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कृष्ण का कोई पता नहीं चला।
जलपाईगुड़ी नगरपालिका के एक नंबर वार्ड की काउंसिलर नीलम शर्मा ने कहा, कृष्ण रजक मेरे वार्ड के ही निवासी थे। जैसे ही खबर मिली, मैं मौके पर पहुंची। सिविल डिफेंस कर्मियों को नदी में उतारा गया है और खोजबीन जारी है।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
