
उज्जैन,18 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन के देवासगेट चौराहे पर एक ड्राइवर को गाड़ी खड़ी करते समय सांप ने काट लिया। घायल होने के बावजूद वह सांप को पकडक़र चरक अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंच गया। यहां सांप हाथ से छूट गया और अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी अनुसार शास्त्रीनगर निवासी सागर चौधरी, उम्र 34 वर्ष पेशे से ड्राइवर है। जब वह देवासगेट स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के पास कालिदास कॉलेज की दीवार के पास गाड़ी खड़ी कर रहा था। इसी दौरान एक सांप ने उसके हाथ पर काट लिया। घटना के बाद घबराने के बजाय सागर ने वही सांप को पकड़ लिया और सीधे चरक अस्पताल की इमरजेंसी रूम में लेकर पहुंच गया। यहां डॉक्टरों को सांप दिखाकर उसने बताया कि उसे इसी ने काटा है। इसी बीच लहराता हुआ सांप उसके हाथ से छूटकर नीचे गिर गया। अचानक हुई इस घटना से इमरजेंसी रूम में अफरा-तफरी मच गई। सागर ने फुर्ती दिखाते हुए दोबारा सांप को पकड़ लिया। इसके बाद वह सांप को बाहर छोडक़र आया। डॉक्टरों ने सागर को भर्ती कर उसका इलाज किया। जिस सांप ने सागर को काटा था वह जहरीला नहीं था।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल
