HEADLINES

पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र 26 सितंबर से

चंडीगढ़, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । पंजाब में आई बाढ़ के मद्देनजर राज्य सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र बुला लिया है। यह सत्र 26 से 29 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार की शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि पंजाब में बाढ़ के कारण हुई तबाही के मद्देनजर राज्य सरकार ने लोगों के हित में एक फैसला लिया है। यह सत्र बाढ़ प्रभावित लोगों को मुआवजा देने के संबंध में चर्चा करने के लिए बुलाया गया है। इस सत्र के दौरान राज्य सरकार मुआवजा नियमों में संशोधन के संबंध में बिल पास करेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री के बाद पंजाब विधानसभा सचिवालय की तरफ से भी गुरुवार की शाम विधानसभा सत्र के आयोजन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है।

इससे पहले विधानसभा की कार्यवाही 15 जुलाई को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी, जो अब 26 सितंबर को सुबह 11:00 बजे दोबारा शुरू होगी।अभी तक तय कार्यक्रम के अनुसार सदन की कार्यवाही 26 सितंबर शुक्रवार को शुरू होगी। 27 व 28 को शनिवार और रविवार का अवकाश है। इसके बाद 29 सितंबर को सदन की कार्यवाही चलेगी। सत्र बुलाये जाने और शुरू होने के बीच 15 दिन से कम समय होने के चलते माना जा रहा है कि प्रश्न काल नही होगा।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top