Jharkhand

महिलाओं के जीवन संघर्ष गाथा पर आधारित दुखिया उपन्यास का विमोचन

पुस्‍तक विमोचन के दौरान राज्‍यपाल समेत अन्‍य

रांची, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । राज्यपाल संतोष गंगवार से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार को राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान दुखिया खोरठा उपन्यास का विमोचन किया गया।

इस मौके पर राज्यपाल को रांची विश्वविद्यालय के खोरठा क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा विभागाध्यक्ष तथा प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ कुमारी शशि की कृति दुखिया खोरठा उपन्यास, चर्चित लेखक देवकुमार की अपनी कृति मैं हूं झारखंड और बिरहोर हिंदी-अंग्रेजी शब्दकोश भी भेंट किया गया।

उपन्यास की लेखिका डॉ कुमारी शशि ने कहा कि दुखिया खोरठा उपन्यास महिलाओं के जीवन संघर्ष की सजीव गाथा है। इसमें एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसे समाज ने बहिष्कृत किया, जिसके पास घर होते हुए भी घर नहीं था। माता-पिता होते हुए भी वह अनाथ जैसा जीवन जीती रही। फिर भी उसने संघर्ष करते हुए अपने सपनों को पूरा किया।

राज्यपाल ने कहा कि दुखिया समाज में महिलाओं से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक साबित होगा।

वहीं देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि साहित्य समाज का आईना है। आज भी 21वीं सदी में महिलाएं उपेक्षा, प्रताड़ना और संघर्ष का सामना कर रही हैं। दुखिया जैसी रचनाएं महिलाओं में क्रांति और जागरूकता जगाने का काम करेंगी।

मौके पर लेखक अनंत महतो, सुमार महतो, छात्र नेता चंदन कुमार रजक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top