
–शक्ति केन्द्र ही मंडल और बूथ के बीच मजबूत सेतु : धर्मपाल सिंहप्रयागराज, 18 सितम्बर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि शक्ति केन्द्र की मजबूत संरचना ही निश्चित विजय का फार्मूला है। शक्ति केन्द्र ही मंडल और बूथ के बीच मजबूत सेतु है। शक्ति केन्द्र की जिम्मेदारी अनुशासित, परिश्रमी, ऊर्जावान और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सौंपी जाय। हर कार्यकर्ता को काम और काम की समीक्षा से जबाबदेही का कल्चर विकसित होगा।
धर्मपाल सिंह ने प्रयागराज यमुनापार, गंगापार, महानगर में जिलो के शक्ति केन्द्र संयोजकों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन सबसे मजबूत और आदर्श हो उसके लिए कार्य करना होगा। तथ्य के साथ सत्य को लेकर हर घर तक पहुंचना है और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ व भ्रम का सफाया करना है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों से संवाद किया। विभिन्न अभियान तथा कार्यक्रमों के संयोजको व सह संयोजको के साथ ही जिला पदाधिकारी, सभी मोर्चो के जिलाध्यक्षो की बैठक को भी सम्बोधित किया।
उन्होंने सेवा पखवाड़े के तहत सेवा कार्यों के सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर पर प्रभावी रूप में आयोजित करने के लिए बैठक में चर्चा की। बैठक से पूर्व प्रयागराज महानगर के भारद्वाज पार्क में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से प्रारम्भ हुए सेवा पखवाडे़ के तहत स्वच्छता अभियान में सम्मिलित हुए तथा स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिश्रमी, अनुशासित तथा वैचारिक रूप से समृद्ध कार्यकर्ताओं का संगठन है। भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे युवाओं को संगठन में जिम्मेदारी सौंपने का काम करना है, जो ऊर्जावान है और अनुशासित है। संगठन में सतत नेतृत्व विकसित करने की नीति पर काम करते हुए युवाओं व महिलाओं को कार्यक्रमों व अभियानों में भागीदारी देकर उन्हें सक्रिय करना है। अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के सामाजिक न्याय के सिद्धान्त पर चल रही है। मोदी सरकार की नीति में अनुसूचित जाति वर्ग का आर्थिक व सामाजिक विकास तथा राजनैतिक भागीदारी निहित है और भाजपा सरकार की हर योजना में यह परिलक्षित भी होता है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि शक्ति केन्द्र की मजबूत संरचना हो, इसके लिए स्वभाव से कर्मठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाए। शक्ति केन्द्र के प्रभावी होने से बूथ प्रभावी होगा और प्रभावी बूथ से मंडल सक्रिय होगा। तीनो संरचनाओं की मजबूती से पार्टी के सभी अभियान एवं कार्यक्रमों के साथ ही मोदी सरकार व योगी सरकार की योजनाएं तथा पार्टी की विचारधारा प्रत्येक घर तक पहुंच सकेगी। मजबूत बूथ, शक्ति केन्द्र तथा मंडल से संगठन मजबूत होगा और मजबूत भाजपा से संकल्प सिद्ध होंगे और संकल्प की सिद्धि से आत्मनिर्भर वैभवशाली राष्ट्र का निर्माण होगा।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार की प्रत्येक योजना गरीब कल्याण के लिए समर्पित है, जिसमें सबसे अधिक लाभान्वित अनुसूचित जाति वर्ग हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया। भाजपा सरकार बाबा साहेब के बताए हुए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों में सदैव अनुसूचित वर्ग के संवैधानिक अधिकारो को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के मंच से बाबा साहेब को भू-माफिया कहकर अपमानित किया गया। सपा की सरकार के समय अनुसूचित वर्ग के मकान, खेत, खलिहानों पर सपा के गुण्डों ने कब्जे किए। उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाकर प्रताड़ित किया गया। मुस्लिम तुष्टीकरण की प्रबल पेरोकार कांग्रेस व सपा के समय गुण्डों अपराधियों, माफियाओं तथा भ्रष्टाचारियों को राजनैतिक संरक्षण दिया गया। सपा सरकार में बहन-बेटियों का शोहदों के डर से स्कूल जाना बंद हो गया था। आज योगीजी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के भयमुक्त वातावरण में खेत, खलिहान, दुकान, मकान तथा मां, बहन, बेटी का सम्मान सुरक्षित है। हमें तथ्य के साथ सत्य को लेकर जनता के बीच पहुंचना है और विपक्ष के झूठ और फरेब का सफाया करना है।
काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा शक्ति केन्द्र संयोजक दस हजार लोगों के लीडर है। सभी को बूथों पर प्रवास करके संगठन को मजबूती देना होंगा। यमुनापार जिले की बैठक जिलाध्यक्ष यमुनापार राजेश शुक्ला ने करते हुए अतिथियों का स्वागत अभिनन्दन किया। गंगापार की बैठक भी जिला पंचायत सभागार में जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। महानगर की बैठक जिला कार्यालय सिविल लाइंस में महानगर जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता की अध्यक्षता में हुई।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में महानगर प्रभारी महेश चंद्र श्रीवास्तव, गंगापार जिला प्रभारी उत्तम मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.वीके सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, शिवदत्त पटेल, विनोद प्रजापति यमुनापार जिला सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह पटेल ने किया और आभार जिला उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह पटेल ने व्यक्त किया।
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
