
रांची, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरुण सिंह ने राज्य सरकार और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भारत सरकार नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब किसान, आदिवासी, दलित, पिछड़े सभी को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रही। वहीं राज्य की हेमंत सरकार लूट खसोट, घोटाला, अवैध खनन, तुष्टीकरण को बढ़ावा दे रही। राज्य में विकास पूरी तरह ठप है, सड़के टूटी हुई है, बिजली व्यवस्था चरमराई है।
अरुण सिंह गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में जंगलराज की स्थिति है, उग्रवाद फिर से बढ़ रहा। तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा देने के कारण राज्य में आईएसआई के एजेंट सुरक्षित पनाह पाते हैं।
उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन , पत्थर माफिया का विरोध करने पर सूर्या हांसदा जैसे सामाजिक राजनीतिक कार्यकर्ता की हत्या हो रही। उन्होंने कहा कि झारखंड एक अनूठा राज्य है जहां घोटालों की फाइल गायब हो जाती है। राज्य में एक प्रकार से अफरातफरी का माहौल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से प्रचुर मात्रा में यूरिया खाद मिलने के बाद भी राज्य में यूरिया की कालाबाजारी हो रही।
उन्होंने कहा कि युवा रोजगार के लिए दर दर भटक रहे, मंईयां सम्मान के नाम पर भी हेमंत सरकार बहनों को धोखा दे रही। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन झारखंड में अभी तक अधूरा है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को जनता ने लूट खसोट के लिए वोट नहीं दिया बल्कि वादा निभाने के लिए दिया है लेकिन यह सरकार फिर एकबार जनता को धोखा दे रही। राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपरिपक्व हैं और खुद को बेताज बादशाह समझते हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार कर रहे है। वे सर्वाधिक झूठ बोलने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी को धरातल से पाताल पर पहुंचाने के लिए आमदा हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी से निकाले जाने के भय से कांग्रेस के लोग चुप रहते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की जहां चुनाव जीतते हैं वहां वोटर लिस्ट, ईवीएम सब ठीक रहता है और जहां हारते हैं वहां खराब होता है,वोट की चोरी दिखती है। आखिर राहुल गांधी को समझाए कौन? उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में इंडी गठबंधन का सफाया होगा और एनडीए की फिर से मजबूत सरकार बनेगी।
प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता अजय साह, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
