Delhi

दिल्ली में ड्रोन से कीटनाशक छिड़काव अभियान की शुरुआत, मच्छरजनित बीमारियों पर लगेगा अंकुश

महापौर राजा इकबाल सिंह के साथ स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा और अधिकारी और कर्मचारी।

नई दिल्ली, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने यमुना नदी के तटवर्ती बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए गुरुवार को ड्रोन तकनीक से कीटनाशक छिड़काव अभियान का शुभारंभ किया। इस आधुनिक पहल का उद्घाटन दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने गीता कॉलोनी, यमुना पुल के पास किया।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि बाढ़ग्रस्त इलाकों में मच्छरों के प्रजनन की संभावना बढ़ जाती है, जिससे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा अधिक होता है। उन्होंने बताया कि ड्रोन तकनीक एक तेज और कारगर उपाय है, जिससे बड़े और दुर्गम क्षेत्रों में कम समय में छिड़काव संभव होगा। उन्होंने कहा कि यह न केवल कार्यकुशलता बढ़ाएगा बल्कि प्रभावित परिवारों तक तेजी से राहत पहुंचाने में भी सहायक होगा।

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, छतों पर कबाड़ इकट्ठा न करें और निगम की मुहिम में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पूरी दिल्ली के दुर्गम क्षेत्रों में भी ड्रोन से कीटनाशक छिड़काव किया जाएगा, ताकि राजधानी को स्वच्छ, सुरक्षित और रोगमुक्त बनाया जा सके।

इस मौके पर मलेरिया समिति की अध्यक्ष नीता बिष्ट, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, सिटी एसपी जोन के उपायुक्त विवेक अग्रवाल, निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक रावत सहित जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top