
रांची, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड के पलामू जिले के उंटारी रोड में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश 85.2 मिमी रिकॉर्ड की गई।
यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी है।
विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ तेज हवा चलने (30 से 40 किलोमीटर घंटे की रफ्तार से) और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले तीन-चार दिनों से बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव की स्थिति बनने के कारण राज्य भर में भारी बारिश दर्ज की गई।
गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। इससे थोड़ी गर्मी और उमस महसूस की गई।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान गोड्डा में 32.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री, जमशेदपुर में 31.5, डालटेनगंज में 31.6 डिग्री, बोकारो में 32.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
