
–उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को उनके बयान पर घेरा, साधा निशाना
लखनऊ, 17 सितम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान के बाद उन बड़ा हमला बोला है। उन्होंने पलटवार करते हुए अखिलेश यादव को भ्रामक और मनगढ़ंत आरोप लगाने वाला बताया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आपके राज में सपा संरक्षित गुंडों का आतंक था और किसानों एवं गरीबों की जमीनों को पर कब्जा कर लिया जाता था।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा अखिलेश यादव ने आज प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से जनता के सामने कई भ्रामक और मनगढ़ंत बातें रखी हैं। उन्होंने भाजपा काे भू-माफिया बताया। जबकि यह सच नहीं है। अखिलेश बताएं कि क्या सपा के शासन में सरकारी संरक्षण में जमीनों पर कब्जे नहीं हुए? सपा के संरक्षित गुंडों ने किसानों और आम जनता की जमीनों पर कब्जे किए और गरीबाें काे सताया गया। हमारी सरकार ने 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी सम्पत्ति भू-माफियाओं से मुक्त कराया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि क्या यह सच नहीं है कि सपा के मंत्रियों और विधायकों ने सरकारी सम्पत्तियों पर कब्जा किया और लूटपाट की? आप कानून-व्यवस्था की बात करते हैं। अखिलेश यादव अपने गिरेबां में झांकिए। जब से सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश की सत्ता में आई है, गुंडे और माफिया यूपी छोड़कर चले गए हैं। आज प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित हैं। आज प्रदेश में कानून का राज है।
ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव से कहा कि मतदाताओं का मुद्दा उठाने से पहले सपा शासन पर मीडिया रिपोर्ट्स देखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि 2012 में जब आप राज्य की सत्ता में आए थे तब आपने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया था और कन्नौज से किसी को भी नामांकन दाखिल नहीं करने दिया था। पहले फर्जी मतदान की खबरें आती थीं, लोगों को वोट देने से रोका जाता था। आप प्रदेश के विकास की बात करते हैं। सपा सरकार में आपका विकास कार्य कुछ जिलों तक ही सीमित था। आज भाजपा सरकार में बिना भेदभाव में प्रदेश के सभी जिलों में विकास कार्य हो रहे हैं। 20 लाख युवाओं को मोबाइल और टैबलेट फोन दिए गए हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा
