

भोपाल, 17 सितम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वह ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जो कभी कल्पना मात्र लगती थीं। जिस भारत की प्रगति को दुनिया असंभव मानती थी, वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने ‘मोदी है तो मुमकिन है’ की प्रतिबद्धता ने कर दिखाई। देश की बुनियादी सुविधाओं से लेकर बड़ी से बड़ी दुविधाओं का हल उन्होंने निकाला है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और नेतृत्व ने भारत की काया पलट दी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में श्रीरामलला भव्य मंदिर में विराजित हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में देश का सबसे ऊंचा ब्रिज बना है। आजादी के 78 साल बाद मिजोरम में ट्रेन पहुंची है। यूपीआई पूरी दुनिया को हैरान करता है। गरीबों के जीवन में सुख, सुविधा और सम्मान लौटा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को धार जिले की बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर याद आ रहा है कि जिस तरह भगवान विश्वकर्मा ने सृष्टि को गढ़ा, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी आत्मनिर्भर, सक्षम और विकसित भारत की नींव रखकर नए भारत का निर्माण कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत की ताकत दुनिया देख रही है। यह प्रधानमंत्री मोदी की सशक्त विदेश नीति और सक्रिय कूटनीतिक प्रयासों से संभव हुआ है। उनके नेतृत्व में भारत ने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। सर्जिकल स्ट्राइक और आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस ने विश्व का परिचय नए भारत से कराया है। भारत अगर बहनों के स्वाभिमान के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी सख्त कार्रवाई करता है, तो यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भारतीय सेना के सामर्थ्य से ही संभव हो सका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कर-कमलों से देश के पहले पीएम मित्रा पार्क की नींव मध्य प्रदेश में रखी जा रही है। इस पार्क से प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में किसानों की परंपरागत फसल कपास को प्रोत्साहन मिलेगा। कपास से धागा, धागे से कपड़ा और कपड़े के निर्यात से मध्यप्रदेश वस्त्रोद्योग का वैश्विक केन्द्र बनेगा।
जनजातीय अंचल में प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाना मप्र का सौभाग्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री मोदी अपना जन्मदिवस मध्य प्रदेश के जनजातीय अंचल में मना रहे हैं और कई सौगातें लेकर आए हैं। दुनिया के सबसे लोकप्रिय नायक मोदी ने गरीब अंचल के लिए समय निकाला, यह उनके प्रेम की अभिव्यक्ति है। राजा भोज के संस्कारों से समृद्ध ऐतिहासिक नगरी धार प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से हर्षित हो उठी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिवस की कोटि-कोटि शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस मंगल अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के सानिध्य से मध्य प्रदेश धन्य हुआ है। मोदी दीर्घायु हों, निरोग रहें, उनका यश और कीर्ति बढ़ती रहे, यही कामना है।
पीएम मित्रा पार्क के मॉडल और स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित धार के पीएम मित्र पार्क का मॉडल देखा और उसकी खूबियों को जाना। साथ ही स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन भी किया। प्रधानमंत्री ने शिविर में मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा कर उपचार संबंधी जानकारी भी ली।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का राज्यपाल पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव, केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने स्वागत कर स्मृति-चिन्ह भेंट किये। प्रधानमंत्री को जनजातीय परम्परानुसार तीर-कमान भेंट किया और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। प्रारंभ में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुसज्जित वाहन से सभा-स्थल पहुँचे और उपस्थित अपार जन-समूह का अभिवादन किया। नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में माताएं, बहनें, किसान भाई और हितग्राही उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) तोमर
