चंडीगढ़, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस सुमेधा कटारिया को पुलिस शिकायत प्राधिकरण में महिला सदस्य नियुक्त किया है, जिनकी कार्य अवधि तीन साल के लिए होगी। रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी डा. आरसी मिश्रा को करीब एक माह पहले हरियाणा सरकार ने पुलिस शिकायत प्राधिकरण का चेयरमैन और रिटायर्ड आईएएस ललित सिवाच को सदस्य बनाया था। प्राधिकरण में एक सदस्य की नियुक्ति और होनी बाकी है।कुरुक्षेत्र निवासी रिटायर्ड आईएएस सुमेधा कटारिया करीब पांच साल पहले साढे 31 वर्ष की प्रशासनिक सेवा के बाद हरियाणा एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की मुख्य प्रशासक के पद से रिटायर हुई थी। सुमेधा कटारिया सबसे पहले 1989 में एचसीएस अलाइड में आकर हरियाणा की पहली महिला बीडीपीओ बनीं। उसके बाद सुमेधा 1992 में एचसीएस में चयनित हो गईं। साल 2016 में उनका चयन आईएएस के लिए हुआ और उन्हें 2005 का बैच अलाट हुआ। मूलरूप से पंजाब के शहर अबोहर की रहने वाली सुमेधा ने राज्य के कई जिलों में डीसी के रूप पर अपनी सेवाएं दी हैं। हरियाणा पुलिस शिकायत प्राधिकरण का गठन सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर किया गया था। प्राधिकरण पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आने वाली शिकायतों पर भी सुनवाई कर सकता है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
