Haryana

पानीपत: श्रमिक चौराहों पर हुआ श्रमिक जागरूकता कार्यक्रम

पानीपत में महिला श्रमिक को सम्मानित करते अधिकारी

पानीपत, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । पानीपत जिला श्रम विभाग द्वारा श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह के अंतर्गत बुधवार को जिले के विभिन्न लेबर चौकों पर श्रमिक जागरूकता अभियान चलाया गया। औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के उपनिदेशक डी.पी. सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ कर उन्हें सशक्त और जागरूक बनाना है ताकि वे अपने अधिकारों और सुविधाओं का लाभ उठा सकें। यह कार्यक्रम आगामी 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले समारोह की कड़ी में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की इस कड़ी में नूरवाला चौक पर पार्षद काजल शर्मा, डी.पी. सिंह उपनिदेशक (औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य) व श्रम निरीक्षक ललित मौजूद रहे। तहसील कैंप में पार्षद जयदीप अरोड़ा व श्रम निरीक्षक अनीता ने श्रमिकों को संबोधित किया। संजय चौक जी.टी. रोड पर पार्षद रोकी गहलोत व श्रम निरीक्षक नवीन उपस्थित रहे व सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसी प्रकार 8 मरला चौक पर पार्षद नेहा शर्मा व श्रम निरीक्षक रीना ने श्रमिकों को योजनाओं से अवगत कराया। चुलकाना फ्लाईओवर पर नगर पालिका समालखा के प्रधान अशोक कुमार व श्रम निरीक्षक बलजीत ने योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों ने श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा

Most Popular

To Top