
भीलवाड़ा, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मोत्सव पर बुधवार को पूरे देश में सेवा पखवाड़े के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में आज भीलवाड़ा जिले के पीपलूंद ग्राम के चारागाह में एक पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और हरित भारत बनाने के उद्देश्य से 11 हजार से अधिक पौधे रोपे गए। यह अभियान प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष रूप से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने किया। अध्यक्षता प्रधान कौशल किशोर शर्मा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में किशोर शर्मा, विकास अधिकारी सीताराम मीणा, भाजपा शक्करगढ़ ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष धर्मराज मीणा, जहाजपुर ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष मांगीलाल जैन और भाजपा एससी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष ज्ञानचंद कंजर उपस्थित रहे। सरपंच वेदप्रकाश खटीक ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
सरपंच वेदप्रकाश खटीक ने बताया कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न चारागाहों में पौधरोपण किया गया। भगवान बिरसा मुंडा चरागाह में नीम के 350, शीशम के 300, कदम्ब के 200 और जंगल जलेबी के 100 पौधे लगाए गए। इसके अतिरिक्त बाबा साहब भीमराव अंबेडकर चरागाह में मौलश्री के 100 तथा देशी बैर के 100 पौधे रोपे गए। विशेष रूप से नरेंद्र मोदी अमृत वाटिका में अमरूद के 4, जामुन के 2, कचनार के 2 और सप्तपर्णी के 2 पौधे लगाए गए, जिससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण को समृद्ध किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान और हरित भारत अभियान को मजबूती से लागू किया जा रहा है। आज का यह पौधरोपण कार्यक्रम न केवल पर्यावरण की सुरक्षा की दिशा में एक कदम है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी के लिए स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी अहम योगदान है। हमें अपने जीवन में प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनकर कार्य करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि किशोर शर्मा ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने-अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ाते हैं और जल संरक्षण में भी मददगार साबित होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए।
सरपंच वेदप्रकाश खटीक ने सभी ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि पौधरोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें, ताकि ये पौधे बड़े होकर समृद्ध पर्यावरण की नींव बन सकें। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणजन, महिला एवं युवा वर्ग ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण हेतु संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना के साथ हुआ। सभी उपस्थित लोगों ने प्रतिज्ञा ली कि आने वाले समय में हर संभव प्रयास करेंगे ताकि हर घर में एक पौधा रोपा जाए और पर्यावरण को स्वच्छ, हरित व समृद्ध बनाया जा सके।
—————
(Udaipur Kiran) / मूलचंद
