Haryana

जींद : डिप्टी स्पीकर ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुरू किया स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान

रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए डिप्टी स्पीकर।

जींद, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी लम्बी उम्र की कामना करते हुए नगर का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता अभियान, गऊओं का चारा खिलाना, गरीब व्यक्ति को वस्त्र बांटना आदि सामाजिक परोपकार के कार्य कर रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाई है और देश अब विश्व भर में अपने आत्मनिर्भरता, समृद्धि और विकास के लिए जाना जाता है। उनके जन्मदिन के अवसर पर विदेशों से भी उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं। जो यह साबित करता है कि उनके नेतृत्व का प्रभाव न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी महसूस किया जा रहा है।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने बुधवार को नागरिक अस्पताल में स्वस्थ नारी- सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा करना और उन्हें सही पोषण प्रदान करना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रारंभिक जांच को मजबूत करना, स्वास्थ्य सेवाओं तक अधिक पहुंच सुनिश्चित करना और बिमारी की रोकथाम पर विशेष ध्यान देना, इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके तहत समाज के हर वर्ग को स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा दी जाएगी और परिवारों को सशक्त बनाने के लिए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। डा. मिड्ढा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण हैं बल्कि ये समाज में एकता, सहयोग और परोपकार की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस प्रकार के अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लें और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक समृद्ध और स्वस्थ भारत बनाने में योगदान दें।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर नागरिक अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इस शिविर में नागरिकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। डिप्टी स्पीकर ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है। जो जीवन बचाने के साथ-साथ समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी फैलाता है।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top