
नई दिल्ली, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, विपक्षी नेताओं, वैश्विक हस्तियों, अभिनेताओं और खिलाड़ियों ने उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शुभकामनाएं दीं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस अवसर पर आज से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ शुरू किया है, जिसके तहत देशभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पोस्ट में कहा, परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने लिखा, आपके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक पटल पर अपनी छाप छोड़ रहा है। आपको दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं।
गृहमंत्री अमित शाह ने उनकी उपलब्धियों का वीडियो साझा करते हुए लिखा, देश के लिए त्याग, तपस्या और सर्वस्व समर्पण का नाम है नरेन्द्र मोदी। उनका व्यक्तित्व राष्ट्रहित को समर्पित ध्येयनिष्ठ नेतृत्वकर्ता का है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि झांसी में उनके भाषण में मैंने भविष्य के नेतृत्व की चमक देखी थी। अनुशासन, समर्पण और साहस ने उन्हें भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला नेता बनाया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आपके नेतृत्व में देश से आतंक और भ्रष्टाचार समाप्त हो, भारत आत्मनिर्भर बने और विश्वगुरु का स्थान प्राप्त करे।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक भारतीय में यह विश्वास जगाया है कि हम विश्व में किसी से कम नहीं।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने पत्र में लिखा, मैं प्रधानमंत्री को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं देता हूं। भगवान उन्हें लंबी आयु और अच्छा स्वास्थ्य दें।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि आपकी दीर्घायु व स्वास्थ्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। केंद्रीय मंत्रियों मनोहर लाल खट्टर, किरेन रिजिजू, ज्योतिरादित्य सिंधिया, हर्ष मल्होत्रा और अजय टमटा ने भी बधाई दी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई और अच्छे स्वास्थ्य की कामना। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लिखा, प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आने वाला वर्ष उनके लिए स्वास्थ्य, खुशी और राष्ट्र सेवा में सफलता लाए।
भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने लिखा, मोदी जी का जीवन मेहनत और आम लोगों के जीवन में गुणात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा, भारत मां के सच्चे लाल, मोदी जी जियो हजारों साल। सांसद संबित पात्रा ने लिखा, मोदी जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया। उनकी योजनाओं जैसे पीएम आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि ने आम नागरिक का जीवन सरल और सम्मानजनक बनाया।
अभिनेता अजय देवगन ने लिखा, आपका नेतृत्व हर भारतीय में आशा और गर्व जगाता है। अनुपम खेर ने कहा, आप उदारता, दृढ़ता और निःस्वार्थ भावना से देश का नेतृत्व करें। मेरी मां आपको ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद भेज रही हैं।
सुनील शेट्टी ने लिखा, आपकी अथक सेवा लाखों को प्रेरित करती है। रितेश देशमुख ने कहा, आपको 75वां जन्मदिन मुबारक। विवेक ओबेरॉय ने अहमदाबाद में रक्तदान अमृत महोत्सव का जिक्र किया।
भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने लिखा, प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने कहा, आपके नेतृत्व में भारत ने विकास और राष्ट्रीय एकता में प्रगति की है।
जानेमाने रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर 750 कमल फूलों वाली रेत कला बनाई।
वैश्विक नेताओं में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और बिल गेट्स ने भी शुभकामनाएं दीं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, आंध्र के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी और दिग्गज अभिनेता रजनीकांत ने भी बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने आज मध्य प्रदेश के धार जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान लॉन्च किया। वाराणसी में गंगा आरती और रंगोली बनीं। अहमदाबाद में रक्तदान शिविर हुआ।
———–
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
