
रांची, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड में इस बार मानसून सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक बरसा। इस वर्ष राज्य में 927.9 मिमी के मुकाबले 1113.9 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
यह जानकारी मौसम विभाग की ओर से बुधवार को दी गई।
झारखंड के जिन जिलों में सबसे अधिक बारिश रिकार्ड की गई उनमें पूर्वी सिंहभूम में सामान्य से 59 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। यहां 994.9 मिली मीटर के मुकाबले 1584.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। सरायकेला खरसावां में सामान्य से 52 प्रतिशत अधिक, रांची में सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक, लातेहार में सामान्य से 40 प्रतिशत अधिक और धनबाद जिले में सामान्य से 35 प्रतिशत अधिक बारिश रिकार्ड की गई।
झारखंड सहित पूरे देश भर से दक्षिणी पश्चिमी मानसून की विदाई हो रही है। बावजूद इसके मानसून की भारी बारिश देखने को मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के विभिन्न जिलों में 18 सितंबर को राज्य के विभिन्न स्थानों पर तेज हवा का झोंका (30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से) चलने की आशंका है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा लेकिन दोपहर होते ही झमाझम बारिश हुई। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा में 79.2 मिमी रिकॉर्ड की गई। इस दौरान रांची में 23.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 32.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री, जमशेदपुर में 31 पॉइंट 4 डिग्री, डाल्टनगंज में 31.8, बोकारो में 31.5 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 32. 2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
