
मंदसौर, 16 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मंदसौर जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा बताया गया कि, मलेरिया इलीमिनेशन ड्राइव कार्यक्रम चल रहा है। जिसमें 2030 तक मलेरिया इलीमिनेशन का लक्ष्य रखा गया। जिसके अंतर्गत मलेरिया नियंत्रण के लिए गम्बूसिया मछली मंगाकर जिले के विभिन्न अस्थाई एवं स्थाई जल स्त्रोतों में छोड़ी गई है। गम्बूसिया मछली मच्छरों के लार्वा भक्षण करने रोग नियंत्रण में सहायक है। मलेरिया विभाग द्वारा कार्ययोजना बनाकर जिले में 45000 हजार लार्वा भक्षी गम्बूसिया मछली का संचयन किया गया है। जिसमे मंदसौर शहरी क्षेत्र में-नरसिहंपुरा क्षैत्र शा.मा.वि. के पास कुएं में, सीमेंट पाइप फैक्ट्री के पानी में, कोर्ट परिसर की बावड़ी में, धोबी घाट पर, एवं मंदसौर जिले के 05 विकासखंड – मल्हारगढ, धुंधड़का, सीतामऊ, मेलखेड़ा व संधारा में छोडी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि गम्बूसिया मछली पर्यावरण को नुकसान पहॅुचाए बिना मच्छरों के लार्वा का भक्षण कर जाती है। यह जैविक नियंत्रण के अंतर्गत आता है। अभी तक मलेरिया के कुल 11 सकारात्मक केस आए है। जिसमें से 02 मल्हारगढ़ विकासखंड के 04 सीतामऊ विकासखंड के, 01 धुंधड़का विकासखंड एवं 01 मेलखेड़ा विकासखंड एवं 03 मंदसौर शहरी क्षैत्र के है। गम्बूसिया का संचयन मलेरिया नियंत्रण हेतु एक प्रभावी प्रयास है।
—————
(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया
