Uttar Pradesh

महिलाएं स्वयं लिख रही अपनी सफलता की कहानी : भारती आर्य

महिलाओं के उपक्रम का शुभारंभ करते अतिथि

– गौ माता महिला पशु आहार कम्पनी लि. का ब्लाक प्रमुख बंगरा ने किया उद्घाटन

झांसी, 16 सितम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की तहसील मऊरानीपुर के गांव कुआं गांव में आज गौ माता महिला पशु आहार कम्पनी लिमिटेड का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख बंगरा इंजीनियर भारती आर्य, ब्लॉक प्रमुख मऊरानीपुर आनंद परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष शशि श्रीवास व सांसद प्रतिनिधि जयशंकर देवरिया ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में महिलाओं को सम्बोधित करते हुए भारती आर्य ने कहा कि आज महिलाएं अपनी किस्मत की कहानी स्वयं लिख रही है। वह स्वावलम्बी हो रही है तथा आत्मनिर्भरता के तरफ मजबूती के साथ बढ़ रही हैं। गौ माता महिला पशु आहर निर्माण केंद्र समूह की महिलाओं द्वारा सफलतापूर्वक संचालन किया जाना इसका ज्वलंत उदाहरण है। आज महिलाएं न केवल घर की चार दिवारी से बाहर निकाल कर विभिन्न प्रकार की आर्थिक गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित कर रही हैं अपितु घर परिवार की जिम्मेदारी उठाते हुए उन्नति के रास्ते पर अग्रसारित हैं। उन्होंने समूह की महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए आश्वासन दिया कि जहां भी जरूरत हो वह उनके साथ है तथा उनकी प्रगति में हर संभव सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।

सांसद प्रतिनिधि जयशंकर देवरिया ने महिलाओं के आत्मनिर्भता की ओर बढ़ते कदम की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उनको स्वावलम्बी बनाने के लिए कटिबद्ध है तथा स्थानीय स्तर पर उनका हर प्रकार से सहयोग दिया जाएगा। उपायुक्त स्वत: रोजगार बृजमोहन ने पशु आहार निर्माण इकाई के बारे में बताया कि मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद के प्रेरणादाई मार्गदर्शन में विकासखंड मऊरानीपुर के 52 स्वयं सहायता समूह की 315 महिलाओं ने संयुक्त रूप से ईकाई की स्थापना की है। लगभग 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित यूनिट पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित होगी। पूरी धनराशि महिलाओं द्वारा लगाई गई है। इसमें पौष्टिक पशु आहार का निर्माण महिलाओं द्वारा किया जायेगा जिसकी आपूर्ति गांवों में पशुपालकों को समूहों के माध्यम से उचित मूल्य पर की जाएगी। इससे महिलाओं को आजीविका के साथ नियमित आमदनी होगी।

डेवलेपमेंट अल्टरनेटिव तारा गांव के निर्देशक नवनीत सिंह ने अवगत कराया की प्लांट की विद्युत आपूर्ति के लिए सोलर लाइट की व्यवस्था ताराग्राम द्वारा की जाएगी, जिससे उत्पादन की लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी। जिसका सीधा लाभ महिलाओं को मिलेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Most Popular

To Top