West Bengal

पांशकुड़ा अस्पताल दुष्कर्म मामला, फैसिलिटी मैनेजर पर कई महिला स्वास्थ्यकर्मियों से दुष्कर्म का आरोप

पाशकुड़ा अस्पताल

कोलकाता, 16 सितम्बर (Udaipur Kiran) ।

पश्चिम मिदनापुर जिले के पांशकुड़ा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दुष्कर्म के आरोपित फे‍सिलिटी मैनेजर के खिलाफ अब कई अन्य अस्थायी महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने भी शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं।

आरोपित जहीर अब्बास को पुलिस ने सोमवार को ही एक स्वास्थ्यकर्मी से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया था। 24 घंटे के भीतर ही उसके खिलाफ और भी आरोप सामने आ गए। अस्थायी स्वास्थ्यकर्मियों का आरोप है कि आरोपित उन्हें काम से निकालने की धमकी देता था और इसी दबाव में उनके साथ दुष्कर्म करता था। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि घटना का जिक्र बाहर करने पर उन्हें गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी जाती थी।

अस्पताल के सुपर कौशिक दल ने बताया कि आरोपित का अस्पताल में काफी दखल था। उन्होंने कहा कि मामला उच्च अधिकारियों को बताया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

मंगलवार को अस्पताल के अस्थायी कर्मचारियों ने आरोपित की दबंगई और दादागिरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस हस्तक्षेप के बाद यह प्रदर्शन समाप्त हो गया।

पुलिस ने आरोपित को तमलुक कोर्ट में पेश किया। अदालत में ले जाते समय शेख जहीर अब्बास ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसे साजिश के तहत फंसाया गया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपित शेख जहीर अब्बास एक ठेका कंपनी का फैसिलिटी मैनेजर है। आरोप है कि उसने एक स्वास्थ्यकर्मी को दवा देने के बहाने कमरे में बुलाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने साहस जुटाकर पांशकुड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

यह मामला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और अस्थायी कर्मचारियों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस अब अन्य पीड़िताओं की शिकायतें भी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top