
नवनिर्मित मेला ग्राउंड का भी करेंगे उद्घाटन, दो दिवसीय कृषि मेला 21 से
हिसार, 16 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में दो दिवसीय कृषि
मेला (रबी) 21 व 22 सितंबर को आयोजित किया
जाएगा। मेले में कृषि औद्योगिक प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी, जिसमें 300 से अधिक कृषि
से संबंधित स्टाले लगाईं जाएंगी। मेले का शुभारंभ 21 सितंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह
करेंगे। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री
श्याम सिंह राणा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। मेले में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी
व लोक निर्माण मंत्री, रणबीर गंगवा तथा नलवा से विधायक रणधीर पनिहार भी उपस्थित रहेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने मंगलवार काे बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह
सैनी विश्वविद्यालय परिसर में नव निर्मित मेला ग्राउंड का उद्घाटन करेंगे। नवनिर्मित
मेला ग्राउंड में पक्के रास्ते, हरी घास युक्त मैदान, आधुनिक लाइटें, शौचालय तथा किसानों
के लिए पेयजल का समुचित प्रबंध किया गया है। कृषि औद्योगिक प्रदर्शनी में प्राइवेट
कंपनियों द्वारा लगाई जाने वाली स्टालों में उत्पादों एवं कृषि पद्धतियों को प्रदर्शित
किया जाएगा। प्रदर्शनी में बीज, खाद, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि उपकरण, पशु चिकित्सा फार्मा
से जुड़ी निजी क्षेत्र की कंपनियां भाग लेंगी। कुलपति ने बताया कि मेले में हरियाणा
कृषि विश्वविद्यालय, लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, महाराणा
प्रताप उद्यान विश्वविद्यालय, करनाल, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, उद्यान विभाग तथा
मत्स्य विभाग की लगभग 100 स्टालें लगाई जाएंगी। इन स्टालों में आधुनिक कृषि पद्धतियों,
तकनीकों, सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी किसानों को दी जाएगी।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण समस्त हरियाणा से आए प्रगतिशील किसानों की स्टालें
होंगी। स्टालों में जैविक खेती, जहर मुक्त खेती, परंपरागत खेती, तकनीक एवं उपकरण प्रदर्शित
किए जाएंगे। प्रगतिशील किसान मेले में अपने अनुभव भी साझा करेंगे।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
