मुंबई, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुंबई महानगरपालिका के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने दिवाली बोनस को लेकर मनपा आयुक्त भूषण गगरानी को पत्र लिखा है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अपने वेतन का 20 फीसदी हिस्सा दिवाली बोनस के रूप में देने की मांग की है।
द म्युनिसिपल यूनियन ने हर साल की तरह इस वर्ष भी मनपा प्रशासन को पत्र लिखकर दिवाली बोनस देने की मांग की है। हर वर्ष दिवाली से पहले इस संबंध में आयुक्त को एक पत्र भेजा जाता है। मुंबई मनपा वर्षों से अपने अधिकारियों व कर्मचारियों दिवाली बोनस देती आ रही है। कुछ साल पहले अनुदान को लेकर एक समझौता हुआ था। समझौता प्रणाली बंद होने के बाद से हर वर्ष दिवाली से पहले मनपा प्रशासन को एक पत्र भेजा जाता है। स्थायी कर्मचारियों, अधिकारियों, सुरक्षा बल, स्वास्थ्य कर्मचारियों, सभी ठेका कर्मचारियों, आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ता, सफाई कर्मचारियों, शिक्षकों व कर्मचारियों के बोनस की मांग की गई है। मनपा आयुक्त इस मांग पर बैठक कर निर्णय लेंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
