नई दिल्ली, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रेम प्रसंग से नाराज एक युवक ने अपनी बहन के प्रेमी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना भजनपुरा के सुभाष विहार इलाके की है। मृतक की पहचान अभिषेक शर्मा उर्फ तन्नू (28) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह आरोपित ने अपने घर के पास वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्राइम व एफएसएल को मौके पर बुला लिया गया।
टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि अभिषेक सुभाष विहार की एक युवती से प्यार करता था। दोनों अक्सर मिलते थे। इस बात का लड़की का भाई ऐतराज करता था। रविवार रात को भी आरोपित का अभिषेक से झगड़ा हुआ था। पुलिस आशंका जता रही है कि इसी वजह से हत्या की गई।
जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। आरोपित की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की सही वजहों का खुलासा हो पाएगा। वहीं अभिषेक के परिजन प्रेम प्रसंग की बात से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि रंजिश की वजह से हत्या की गई।
पुलिस के मुताबिक अभिषेक परिवार के साथ सी-1, यमुना विहार में रहता था। इसके परिवार में पिता श्रीराम शर्मा के अलावा अन्य सदस्य हैं। अभिषेक का अपना कारोबार था। सोमवार सुबह करीब 11.09 बजे पुलिस टीम को सूचना मिली कि सुभाष विहार इलाके में एक युवक को चाकू मारे गए हैं। खबर मिलते ही पुलिस वहां पहुंची। घायल अभिषेक को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
