
नई दिल्ली, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में शादी से इंकार करने पर प्रेमिका की हत्या करने के मामले में आठ साल से फरार चल रहे एक लाख के इनामी बदमाश को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान बिहार निवासी अर्जुन कुमार उर्फ भोला (31) के रूप में हुई है। प्रेमिका की हत्या करने के बाद आरोपित नेपाल भाग गया था।
वहां उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर एक महिला की हत्या कर दी। उस मामले में नेपाल पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया। बाद में उसे नेपाल में 25 साल की सजा हो गई। नेपाल में चल रहे जेन जी विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोपित अर्जुन नेपाल की जेल तोड़कर फरार हो गया। जैसे ही उसने भारत की सीमा में प्रवेश किया उसे दबोच लिया गया।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि 17 नवंबर 2017 को न्यू अशोक नगर निवासी पप्पू सिंह ने अपनी बेटी के अपहरण की सूचना पुलिस को दी थी। पीड़ित ने बताया कि उनको अर्जुन उर्फ भोला और पिंटू नामक युवक पर बेटी को अगवा करने का शक है। इसी आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
छानबीन के दौरान उसी इमारत में पप्पू की बेटी की लाश अर्जुन के कमरे से बरामद हो गई। उस पर चाकू के कई वार करने के अलावा उसका गला भी रेता हुआ था। पुलिस ने हत्या की धारा जोड़कर मामले की छानबीन शुरू की। लेकिन काफी प्रयास के बाद भी अर्जुन का कोई सुराग नहीं लग पाया। बाद में उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये इनाम घोषित कर दिया गया।
बाद में मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। छानबीन के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम को पता चला कि हत्या के बाद आरोपित नेपाल भाग गया है। वहां उसने अपने दोस्त नौशाद के साथ मिलकर नौशाद की गर्लफ्रेंड की मां की हत्या कर दी है। नेपाल में अर्जुन और नौशाद व इनके साथियों को 25 साल की सजा हो गई है।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
