चंडीगढ़, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा में कांग्रेस ने मतदाता सूचियों में धांधली का आरोप लगाते हुए सोमवार से पूरे प्रदेश में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है। कांग्रेस का दावा है कि हजारों योग्य मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं, वहीं कई फर्जी नाम जोड़े गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदय भान ने जारी पत्र में कहा कि 12 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह मुद्दा उठाया गया। इसी कड़ी में अब हरियाणा कांग्रेस मतदाता सूची में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चला रही है। उदयभान ने कहा कि यह सिर्फ वोट की चोरी नहीं, बल्कि लोगों की आवाज़ की चोरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग से पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। मशीन रीडेबल वोटर लिस्ट फोटो सहित सार्वजनिक की जाए। हर चुनाव से पहले डिलीशन और ऐडिशन की सूचियां सार्वजनिक हों। नाम हटने पर शिकायत निवारण प्रणाली बने। अंतिम समय पर नाम जोडऩे-हटाने की प्रक्रिया पर रोक लगे। साथ ही, मतदाता दमन में शामिल अधिकारियों पर कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक हस्ताक्षर अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। उदयभान ने कहा कि प्रत्येक जिले से भारी संख्या में हस्ताक्षर जुटाकर चुनाव आयोग तक शिकायत पहुंचाई जाएगी।
पार्टी का आरोप है कि भाजपा जनता के वोट बैंक को कमजोर करने और विपक्षी वोटों को काटने के लिए मतदाता सूची से छेड़छाड़ करवा रही है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर हर वोटर तक पहुंचेगी। प्रदेशाध्यक्ष ने इस अभियान के लिए सभी वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, सांसदों-विधायकों के अलावा सभी जिला प्रधानों को पत्र लिखा है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
