Maharashtra

मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित

फोटो: मूसलाधार बारिश से मुंबई के कई इलाके जलमग्र

-चार दिनों तक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी

मुंबई, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में सोमवार को सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश से मध्य रेलवे की सेवा आंशिक रुप में प्रभावित है, लेकिन पश्चिम रेलवे की सेवा पूर्ववत जारी है। हालांकि सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है। मूसलाधार बारिश से पुणे में कई इलाके जलमग्र हो गए हैं। इससे स्कूल और कॉलेजों में आज अवकाश घोषित कर दिया गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने आम नागरिकों को आवश्यक होने पर ही घर से निकलने की अपील की है। साथ ही मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की गई है।

भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में आगामी चार दिनों तक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मराठवाड़ा सहित मध्य महाराष्ट्र में रविवार की रात से हो रही मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालत हैं और बांधों से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है।

मौसम विभाग ने 16 सितंबर को रायगढ़, छत्रपति संभाजीनगर और पुणे घाट इलाके में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोंकण क्षेत्र के बाकी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है और पूरे मराठवाड़ा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मध्य महाराष्ट्र के सतारा, कोल्हापुर और सिंधुदुर्ग और विदर्भ के चंद्रपुर और गढ़चिरौली में बारिश का हाई अलर्ट है। 17 सितंबर को विदर्भ में बारिश की तीव्रता कम होगी और दो जिलों यवतमाल और चंद्रपुर के लिए येलो अलर्ट है। बीड, लातूर और नांदेड़ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि मराठवाड़ा के बाकी हिस्सों को येलो अलर्ट पर रखा गया है।

सिंधुदुर्ग को छोड़कर पूरे उत्तर महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह पुणे, सोलापुर, अहिल्यानगर, नासिक, धुले, नंदुरबार, जलगांव, येलो अलर्ट और सतारा, सांगली, कोल्हापुर जिलों में हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 18 सितंबर को रत्नागिरी, रायगढ़, ठाणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, जलगांव, धुले और नंदुरबार जिलों में बारिश का येलो अलर्ट और मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है। इसी तरह 19 सितंबर को नंदुरबार, धुले, जलगांव, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, रायगढ़ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट और मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है । मौसम विभाग ने इसके साथ ही गरज के साथ छींटे पडऩे, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाओं की भी चेतावनी दी है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुंबई नगर निगम ने नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया है और सहायता के लिए अपने आपातकालीन नियंत्रण कक्ष का नंबर 1916 उपलब्ध कराया है।

दक्षिण मुंबई में, भायखला, किंग्स सर्कल, महालक्ष्मी और पेडर रोड पर सुबह-सुबह बाढ़ आ गई। कुर्ला रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गए, जिससे लोकल ट्रेन सेवाएं धीमी हो गईं। कई इलाकों में घुटनों तक पानी जमा होने से वाहनों का आवागमन बाधित रहा। सबसे ज़्यादा प्रभावित अंधेरी सबवे रहा, जहां लगभग एक से डेढ़ फीट पानी जमा हो जाने के बाद इसे बंद कर दिया गया, लेकिन मुंबई नगरनिगम कर्मी इन इलाकों में पंपिंग के सहयोग से जलनिकासी का काम जारी है।

——————-

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top