Jharkhand

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का होगा आयोजन : संजय सेठ

कार्यक्रम की तस्वीर

रांची, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर झारखंड में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और खेलों के जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री और रांची से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद संजय सेठ ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान इसकी जानकारी दी।

संजय सेठ ने रविवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत रांची लोकसभा क्षेत्र में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को उनके आवास पर प्रातः 9:00 बजे हवन के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ होगा। इसके बाद 75 सफाई कर्मी, 75 पैरामेडिकल स्टाफ, 75 नर्स और छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जायेगा। साथ ही जनहित का ध्यान रखते हुए रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि रांची लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में सोलर लाइट का उद्घाटन भी किया जाएगा। प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने की दिशा में 25000 जुट बैक का वितरण, 25000 छाते का वितरण और 50000 परिवार के बीच सुरक्षा लॉग बुक का वितरण भी किया जाएगा। 21 सितंबर को फिट इंडिया साइक्लोथोन का सुबह 7:00 बजे मोराबादी से आयोजन होगा, जिसमें 1000 से भी अधिक लोग साइकिल के साथ शामिल होंगे।

श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति,रांची के सानिध्य में ग्रीन होरिजन में नागरिक बैठक के संग अभिनंदन स्वागत कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने लोगों से देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वदेशी अपनाओ अभियान से हमारे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही घर-घर रोजगार मिलेगा। लघु उद्योगों को बढ़ावा सहित हर हाथ को रोजगार प्राप्त होगा ।

मंच संचालन समिति के अध्यक्ष मुकेश काबरा ने कहा कि माहेश्वरी सभा के जरिये 2 अक्टूबर को शस्त्र पूजा का आयोजन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। साथ ही कई अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

रांची से विधायक सीपी सिंह ने मौके पर कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान सनातन धर्म को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में अजय मारू, मुकेश काबरा, कुणाल अजमानी, चंद्रकांत रायपत, रविंद्र मोदी, प्रमोद सारस्वत, निरंजन शर्मा, संजय पोद्दार, संजय जायसवाल, राजन तिवारी, विजय ओझा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top