HimachalPradesh

प्राकृतिक खेती से उपभोक्ताओं तक पंहुचेंगे शुद्ध एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद : केवल पठानिया

कृषि विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया।

धर्मशाला, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । कृषि विभाग द्वारा कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आतमा) परियोजना के अंतर्गत रविवार को शाहपुर के रक्कड़-का-बाग (रैत) में एक दिवसीय किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने किसानों की समृद्धि, स्वस्थ मिट्टी, शुद्ध उत्पाद और जलवायु अनुकूलन की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन तथा आतमा परियोजना से प्रदेश के किसान-बागवान प्राकृतिक खेती अपना रहे हैं और इसे सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने देश में पहली बार प्राकृतिक खेती से उत्पन्न अनाजों और उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्राकृतिक गेंहू पर 60 रुपये प्रति किलोग्राम, प्राकृतिक मक्की पर 40 रुपये, प्राकृतिक जौ पर 60 रुपये तथा प्राकृतिक कच्ची हल्दी पर 90 रुपये प्रति किलोग्राम का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है। इस पहल से किसानों को अपनी फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित होगा और उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद पंहुचेंगे।

इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि रक्कड़-का-बाग में शीघ्र ही 2 हैंडपंप लगा कर पेयजल आपूर्ति को बेहतर किया जाएगा इसके साथ ही पंचायत के मुख्य मार्ग का निर्माण भी एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर केवल सिंह पठानिया ने किसानों को फलदार पौधे भी वितरित किए। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत 34 लाख रुपये के चेक वितरित किए।

कार्यक्रम में पठानिया ने अपने स्तर पर 5 स्कूलों के 118 बच्चों को स्कूल बैग भी वितरित किए।

कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक डाॅ. राहुल कटोच ने मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया का स्वागत किया और कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

कृषि विभाग ने इस अवसर पर प्राकृतिक कृषि उत्पाद भी प्रदर्शित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया की पत्नी सुगंधा पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर रक्कड़-का-बाग के उप प्रधान सुरेंद्र सिंह जमवाल ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 21 हजार रुपये का चेक भेंट किया।

रक्षा मंत्री से उठाई शाहपुर में युद्ध स्मारक बनाने की मांग

उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है और उनके साथ राज्य से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं। इसके साथ ही आप्रेशन सिंदूर में शहीद हुए शाहपुर के शहीद सूबेदार पवन सिंह जरियाल की याद में शाहपुर में एक युद्ध स्मारक बनाने की मंजूरी देने का अनुरोध किया है।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Most Popular

To Top