
रांची, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । सेवा भारती, झारखंड के सेवा जागरण की बहुप्रतीक्षित पत्रिका सेवा सुरभि के 26वां विशेषांक वैश्विक चेतना और युवा शक्ति का लोकार्पण केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में शनिवार को किया।
लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि भारतीय युवा दुनिया की युवा शक्ति बन गई है। आज भारत की बेटियां अपने आत्मविश्वास और रचनात्मकता के बल पर देश का नाम रोशन कर रही हैं। कई बेटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहरा रही हैं। दुनिया की बड़े-बड़े कंपनियों में भारतीय युवा विशेष पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। देश की 60 प्रतिशत आबादी युवा है। वही हमारी ताकत है। युवा भारत के अर्थ व्यवस्था के साथ-साथ विश्व गुरु बनने में महत्वपूर्ण योगदान निभा रहे हैं, तो भारत की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं। अब वह समय नजदीक है जब तीनों सेनाओं की प्रमुख भारत की बेटी होगी।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हटिया विधानसभा के विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि दूसरों के लिए जीना ही जीवन है।
सेवा भारती के संरक्षक के डॉ एचपी नारायण ने कहा कि अपने दीर्घायु का एक ही मंत्र एक दूसरे का सहयोग करना है। अपने उत्तम स्वास्थ्य के लिए हमें सदैव दूसरों की सहायता करनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व अपर मुख्य सचिव एनएन पाण्डेय ने कहा की सेवा भारती का कार्य सराहनीय है। भारत के इतिहास में आज का वर्तमान काल स्वर्णिम काल है।
प्रांतीय सचिव ऋषि पाण्डेय ने सेवा भारती ने कहा कि सेवा भारती संस्था अपने विभिन्न सेवा कार्यों से सेवा बस्ती और सुदूर ग्रामों में समाजिक नवजागृति ला रही है। वर्तमान में सेवा भारती के 1741 कार्य चल रहे हैं। आगामी संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में इसे ढाई हजार करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्य को सफल बनाने के लिए समाज की सामूहिक सहयोग की आवश्यकता है।
मौके पर पत्रिका का परिचय सेवा सुरभि के सलाहकार संपादक चंदन मिश्र ने कहा कि सेवा सुरभि का यह 26वां विशेषांक वैश्विक चेतना और युवा शक्ति राष्ट्र के युवाओं के लिए समर्पित पत्रिका है। युवाओं की चेतना और मार्गदर्शन के लिए इस पत्रिका की महत्वपूर्ण भूमिका है। सेवा सुरभि पत्रिका के 26 वर्षों की यात्रा वृतांत बताते हुए कहा कि सेवा सुरभि पत्रिका विशेषांक में विद्वतजनों के आलेख, और कहानियां रहती हैं।
कार्यक्रम में मंचीय परिचय स्वागत सेवा भारती के न्यासी चंद्रकांत रायपत ने किया।
मौके पर कलाकार शिखा कुमारी, प्रवीण दीक्षित, तान्या मिश्रा, मालविका मुखर्जी के नृत्य-संगीत की प्रस्तुति ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। मौके पर संजय सेठ ने पत्रिका संपादक डॉ सुष्मिता पाण्डेय और कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ राजश्री जयंती ने किया।
मौके पर राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद, सामाजिक सद्भाव के अखिल भारतीय प्रमुख अशोक बेरी, सह प्रांत संघचालक अशोक श्रीवास्तव, सिद्धनाथ सिंह, अनिल ठाकुर, ओम प्रकाश केजरीवाल, अखिलेश्वर नाथ मिश्र, वीएन पाण्डेय, यदूनाथ पाण्डेय, अजय मारू, राकेश लाल, आरके बिट्टू, राधेश्याम अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
