
रांची, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन को रांची में सेवा, सम्मान और संस्कार के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर सेवा पखवाड़ा के तहत 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक रांची लोकसभा क्षेत्र में अनेक जनकल्याणकारी और प्रेरणादायक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस संबंध में शनिवार को रांची के अरगोड़ा स्थित केंद्रीय कार्यालय में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रमों की जानकारी दी।
मौके पर बताया गया कि 17 तिसंबर को सेवा पखवाड़ा की शुरुआत हवन अनुष्ठान से की जाएगी। इसमें राष्ट्र कल्याण, प्रधानमंत्री की दीर्घायु और विश्व शांति की कामना के साथ वैदिक विधि से पूजा होगी। इसके अलावा समाज के 75 कर्मवीरों का सम्मान किया जाएगा। इसमें 75 स्वच्छता दूत, 75 पैरामेडिकल स्टाफ, 75 नर्स, 75 किसान, 75 साहित्यकार, 75 सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर, 75 वोकल फार लोकल प्रतिनिधि, 75 खिलाड़ी, 75 पूर्व सैनिक, 75 कलाकार, 75 शिक्षक शामिल हैं। साथ ही, रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। रक्तदान शिविर केंद्रीय मंत्री के आवासीय परिसर में लगाया जाएगा। हजारों ग्रामीणों और नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगेगा। साथ ही मरीजों को सलाह और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंंगी।
सांसद ने कहा कि रांची लोकसभा क्षेत्र में 3000 सोलर लाइट का शुभारंभ किया जाएगा। इससे गांव-गांव रोशन होंगे और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि 25 हजार जूट बैग का वितरण भी किया जाएगा।
फैमिली प्रोटेक्शन लॉगबुक का वितरण
उन्होंने बताया कि हर परिवार को फैमिली प्रोटेक्शन लॉगबुक का वितरण किया जाएगा। यह एक अभिनव पहल है जो परिवारों की सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देगी। इस दौरान करो योग, रहो निरोग के उद्देश्य के तहत योग मैट का वितरण किया जाएगा ताकि स्वास्थ्य जागरूकता घर-घर पहुंचे।
नमो पार्क का शुभारंभ
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जवाहर नगर रांची में नमो पार्क का उद्घाटन किया जाएगा। यह पार्क पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधा का नया केंद्र बनेगा।
इस मौके पर भाजपा महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू और रांंची ग्रामीण जिला अध्यक्ष धीरज महतो उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि यह सेवा पखवाड़ा न केवल जन्मदिन का उत्सव है बल्कि यह भाजपा की उस सोच का हिस्सा है जो सेवा ही संगठन को मूल मंत्र मानती है।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
