Delhi

मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ में 75 नई योजनाएं शुरू करेगी ट्रिपल इंजन सरकार : रेखा गुप्ता

दिल्ली सचिवालय में  शनिवार को सेवा पखवाड़े की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली की ट्रिपल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करेगी और इस दौरान 75 नई योजनाओं शुरू करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को सेवा पखवाड़े (17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक) की तैयारी को लेकर दिल्ली सचिवालय में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, पार्टी के सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक, पार्षदों के अलावा पार्टी पदाधिकारी भी शामिल हुए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहले जन्मदिन को विशेष बनाने के लिए हमारी सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं। यह अवसर दिल्ली में ट्रिपल इंजन सरकार (केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और नगर निगम) की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसके लिए हमारी सरकार ने सेवा पखवाड़े के दौरान 75 नई योजनाओं और कार्यक्रमों को शुरू करने का निर्णय लिया है। हमारा यह निर्णय दिल्ली के विकास को नई गति और ऊंचाई प्रदान करेगा और राजधानी को ‘विकसित दिल्ली’ की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि सेवा पखवाड़े के दौरान हर दिन दिल्लीवासियों को कोई न कोई नया ‘उपहार’ मिलेगा। चाहे वह स्वच्छता अभियान हो, रक्तदान शिविर हो, नई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन हो या विकास परियोजनाओं का लोकार्पण। हर गतिविधि जनता को समर्पित होगी और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले 15 दिन दिल्ली के लिए ऐतिहासिक साबित होंगे। सेवा पखवाड़े के दौरान विकास की नई ऊंचाइंयां तय होंगी, सुशासन के नए आयाम स्थापित होंगे और लगातार नई योजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि सरकार के मंत्रियों, अधिकारियों और विभागों ने बेहद कम समय में उत्कृष्ट तैयारियां की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले छह महीनों में न तो मंत्रियों ने और न ही उन्होंने स्वयं एक भी दिन का काम छोड़ा है। इसी निरंतर प्रयास का परिणाम है कि वर्षों से लंबित और अधूरी परियोजनाएं अब जनता को समर्पित की जा रही हैं।

इस विशेष बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आयुष्मान आरोग्य मंदिर जैसी महत्वाकांक्षी योजना का उल्लेख किया, जिसकी शुरुआत सेवा पखवाड़े के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना दिल्लीवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू हो रहा सेवा पखवाड़ा केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायी होगा। उन्होंने दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए विश्वास दिलाया कि आने वाले 15 दिन राजधानी के लिए विकास और उपहारों का एक नया अध्याय लिखेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top